Kamalnath In Bhind: मंहगाई को लेकर कमलनाथ का तंज- मोदी की दाढ़ी घटने बढ़ने के साथ घटते बढ़ते हैं पेट्रोल के दाम

2149

Kamalnath In Bhind

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

भिंड: 2023 में विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी शंखनाद करते हुए कांग्रेस द्वारा आज भिंड में जन आक्रोश सभा का आयोजन किया। इस सभा को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के अलावा पूर्व मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह, राकेश चौधरी, विक्रांत भूरिया और हेमंत कटारे ने भी संबोधित किया। जिसमें कमलनाथ ने प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने तो बातों ही बातों में प्रधानमंत्री मोदी के शिक्षित होने पर ही सवालिया निशान खड़े कर दिए।

 

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए सबसे पहले चम्बल की भूमि को प्रणाम किया। उन्होंने कहा यह वीरों की भूमि है, प्रेम की भूमि है, संस्कृति की भूमि है। सेना में भर्ती होने वाले लोगों को नमन करता हूँ। यह संतों की भूमि है उन्हें नमन करता हूँ। उन्होंने केन्द्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति हमें जोड़कर रखती है। लेकिन इसी संस्कृति पर सबसे ज्यादा आक्रमण हो रहा है। हमें चुनना पड़ेगा कि आप देश की संस्कृति की राह पर चलना चाहते हैं या मोदी की राह पर चलना चाहते हैं।

 

उन्होंने कहा आज हर वर्ग परेशान है। शिवराज सिंह ने 15 साल बाद ऐसा प्रदेश हमें सौंपा जिसमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचारों में प्रदेश नंबर वन था। उन्होंने अपने 15 महीने के कार्यकाल के बारे में बात करते हुए कहा कि 15 में से ढाई महीने लोकसभा चुनाव में निकल गए। साढ़े 12 महीनों में हमने चम्बल के 2 लाख 70 हजार किसानों का लगभग तेरह सौ करोड़ का कर्जा माफ किया। कौन सा गुनाह कौन सा पाप मैंने किया जिसमें हमने किसान का कर्ज माफ किया, कौन सा गुनाह किया कि एक हजार गौ शालाएं बनवाईं, कौन सा पाप किया जिसमें बिजली सौ रुपये में 100 यूनिट दी। मैंने शुद्ध का युद्ध शुरू किया, माफिया के खिलाफ मुहिम छेड़ी ताकि मध्यप्रदेश में विश्वास जागे। उन्होंने रेत को लेकर कहा कि अगर मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तो रेत का काम ठेकेदारों की जगह गांव के नौजवानों को दिया जायेगा।

 

कमलनाथ ने बेरोजगारी को लेकर कहा कि आज के नौजवान और 20 साल पहले के नौजवान में बहुत अंतर है। आज का नौजवान पढ़ा लिखा है नौजवानों को रोजगार मिले इसके लिए मैंने मध्यप्रदेश में निवेश को लाने की शुरुआत की थी।जिसके लिए विश्वास का वातावरण बनाने की कोशिश की ताकि नौजवानों को फायदा हो।

 

कमलनाथ ने शिवराज सिंह पर हमला करते हुए कहा शिवराज सिंह जी आप सामने खड़े हो जाइए मैं आपको 15 महीनों का हिसाब देता हूँ और आप 17 साल का हिसाब दीजिए। उन्होंने कहा शिवराज सिंह इतना झूठ बोलते हैं कि झूठ को भी शर्मा देते हैं। शिवराज सिंह ने 20 हजार घोषणाएं की हैं। फिर कहेंगे कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। मोदी भी यही पूछते हैं।

 

दोनों को बता देना चाहता हूँ जिस स्कूल में आप पढ़े हैं वह कांग्रेस ने ही बनाया है कमलनाथ यहीं नहीं रुके, उन्होंने मंहगाई पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आढ़े हाथों लेते हुए तंज कसा कि महंगाई के बारे में क्या कहूँ आप मोदी जी की दाढ़ी देख लीजिए। जितना मोदी जी दाढ़ी काटते हैं उतना पेट्रोल का दाम घट जाता है और बढ़ती हुई दाढ़ी देखिएगा तो पेट्रोल का दाम भी बढ़ जाएगा।

भाजपा के पास बचा है बस पुलिस पैसा और प्रशासन, आप दें सच्चाई का साथ

कमलनाथ ने एक बार फिर से पुलिस प्रशासन को भाजपा के कब्जे में बताते हुए कहा है कि इनके पास केवल पुलिस प्रशासन और पैसा ही बचा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को शपथ की याद दिलाते हुए कहा कि सभी अपनी शपथ और वर्दी की इज्जत करें। उन्होंने पुलिस प्रशासन को भाजपा का बताते हुए जनता से कहा कि आप कमलनाथ और कांग्रेस का साथ भले ही ना दें पर सच्चाई का साथ दें। आपने अगर सच्चाई पहचान ली तो 19 महीने बाद कांग्रेस का झंडा मध्यप्रदेश विधानसभा में लहरायेगा।