खजुराहो 46°C के साथ सबसे गर्म, 10 साल का रिकॉर्ड टूटा; नौगांव 45.5°C पर दूसरा सबसे तपता शहर

अप्रैल की विदाई अंगारों जैसी; लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल, शाम की हल्की फुहार भी नहीं दे सकी राहत..

55

खजुराहो 46°C के साथ सबसे गर्म, 10 साल का रिकॉर्ड टूटा; नौगांव 45.5°C पर दूसरा सबसे तपता शहर

 

छतरपुर: अप्रैल के आखिरी दिनों में गर्मी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सोमवार को खजुराहो 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, वहीं छतरपुर जिले का नौगांव 45.5 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। खजुराहो ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास में अपनी जगह दर्ज कर ली।

IMG 20260427 WA0162

सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर तक हालात इतने बिगड़ गए कि सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। जरूरी काम के अलावा लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। लू के थपेड़ों ने हालात और ज्यादा कठिन बना दिए।

गर्मी का असर सिर्फ दिन तक सीमित नहीं रहा। रात में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंकते नजर आए, जिससे नींद तक प्रभावित हो रही है।

IMG 20260427 WA0161

शाम करीब 6 बजे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को थोड़ी देर के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। बादलों की आवाजाही ने उम्मीद तो जगाई है, लेकिन बारिश को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

IMG 20260427 WA0163

प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। भोपाल और ग्वालियर में 43.4 डिग्री, इंदौर में 42 डिग्री, उज्जैन में 42.4 डिग्री और जबलपुर में 42.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 1 से 5 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि बड़े बच्चों की पढ़ाई को लेकर अभी भी सवाल बने हुए हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।