
Khargone News: पत्नी को लेने गया दामाद, ससुराल में निर्वस्त्र कर हमला, चाकू-ब्लेड से गोदकर किया लहूलुहान
खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के करही थाना क्षेत्र में पत्नी को मायके से वापस लाने पहुंचे एक युवक पर उसके ससुराल पक्ष की महिलाओं द्वारा कथित रूप से बेरहमी से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल युवक ने आरोप लगाया है कि उसे निर्वस्त्र कर लाठी, चाकू और ब्लेड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
धार जिले के बाग निवासी गोवर्धन जोगी, जो एक सोलर प्लांट में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है, ने जिला अस्पताल में मीडिया को बताया कि वह शुक्रवार शाम अपनी गर्भवती पत्नी और तीन वर्षीय बेटी को लेने ससुराल गया था। लेकिन ससुराल पक्ष ने पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया, जिससे विवाद हो गया।
गोवर्धन के अनुसार वह गांव से वापस लौट रहा था, तभी उसे फोन कर दोबारा बुलाया गया और कहा गया कि अगर वह पत्नी को लेने नहीं आया तो गर्भ गिरा दिया जाएगा। युवक का आरोप है कि जब वह वापस पहुंचा तो उसकी पत्नी, ससुर, दो सालियों और एक मौसी ने मिलकर उसके कपड़े उतरवाए और उस पर हमला कर दिया।
उसने आरोप लगाया कि लाठियों के साथ चाकू और ब्लेड से वार किए गए, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर घाव हो गए। घायल हालत में भी वह किसी तरह बाइक चलाकर मंडलेश्वर में रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां से उसे कसरावद अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार और एमएलसी के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा ने बताया कि युवक के शरीर पर धारदार हथियारों से बने कई घाव हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
वहीं करही थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले ने बताया कि पुलिस ने गोवर्धन जोगी के खिलाफ उसकी पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि गोवर्धन शराब के नशे में देर रात ससुराल पहुंचा था और पत्नी व साली के साथ मारपीट की थी। उसे समझाइश दी गई कि गर्भवती पत्नी व 4 वर्ष की बच्ची को शराब के नशे में ले जाना खतरे से खाली नहीं है लेकिन वह नहीं माना.
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम जिला अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर टीम भेजी गई है। युवक के बयान और एमएलसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि युवक को इतनी चोटें कैसे आईं, यह जांच का विषय है।





