Kiran K Reddy Joins BJP : आंध्र प्रदेश के पूर्व CM भाजपा में शामिल, राहुल पर कटाक्ष किया!

चार बार विधायक रहे, स्पीकर रहे, चीफ व्हिप रहे, रणजी क्रिकेट खेला!

725

Kiran K Reddy Joins BJP : आंध्र प्रदेश के पूर्व CM भाजपा में शामिल, राहुल पर कटाक्ष किया!

New Delhi : आंध्र प्रदेश के पूर्व और संयुक्त आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई। किरण ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि उन्होंने राज्य के विकास के लिए यह कदम उठाया है। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह समेत अन्य नेता भी शामिल रहे।

किरण कुमार रेड्डी ने दिल्ली में भाजपा ज्वाइन करने के बाद कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे कांग्रेस छोड़नी पड़ेगी। उन्होंने राहुल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक कहावत है ‘मेरा राजा बहुत बुद्धिमान है, वह अपने बारे में नहीं सोचता, किसी की सलाह भी नहीं सुनता।’

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस मौके पर कहा कि किरण कुमार रेड्डी के परिवार के कई सदस्य कांग्रेस में थे। कुछ समय पहले जब मैं उनसे मिला तो उन्होंने मुझे बताया कि वह पीएम मोदी से प्रभावित हैं, इसलिए वह आज बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किरण भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेंगे क्योंकि एक विधायक और मंत्री के रूप में उनकी छवि बहुत साफ रही है।

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि बीजेपी में दक्षिण भारत के वरिष्ठ नेता किरण कुमार रेड्डी का स्वागत करता हूं। रेड्डी परिवार की तीन पीढ़ी कांग्रेस में रही। इनके पिता अमरनाथ रेड्डी आन्ध्र प्रदेश के चार बार विधायक रहे और मंत्री भी। किरण भी चार बार विधायक रहे, स्पीकर रहे, चिप व्हिप और मुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने कहा कि वे नेता के साथ क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी रहे हैं। रणजी भी खेली है और अब बीजेपी से नई पारी शुरू की। यहां यकीनन वे और अच्छे रन बनाएंगे।

 

किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि मैं जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का धन्यवाद करता हूं। मेरा परिवार कांग्रेस से 1952 से जुड़ा रहा है और मैंने सोचा नहीं था कभी कांग्रेस छोड़ूंगा। लेकिन, कांग्रेस के हाईकमान के गलत फैसले से पार्टी का बहुत नुकसान हुआ है। कांग्रेस आलाकमान ने स्थानीय नेताओं से कभी कोई राय नहीं ली। किसी की नहीं सुनी। ये केवल एक राज्य की बात नहीं है, बल्कि सभी राज्य की है। सभी राज्यों के वो कमान नियंत्रित करने की बात करेंगे लेकिन कभी जिम्मेदारी नहीं लेंगे।

किरण कुमार रेड्डी ने 12 मार्च को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। रेड्डी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता और लोकसभा सदस्य मणिकम टैगोर ने कहा था कि जिन लोगों ने पार्टी से सब कुछ हासिल किया और आंध्र प्रदेश कांग्रेस को खत्म कर दिया, वे अब बीजेपी में चले। रेड्डी ने 11 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित अपने पत्र में लिखा है था ‘कृपया इस पत्र को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मेरे इस्तीफे के रूप में स्वीकार करें!’