जीना सीखिये अपनी तोंद के साथ इसी मे सार है!

291

जीना सीखिये अपनी तोंद के साथ इसी मे सार है!

पेट के तोंद मे बदलने का अंदेशा सबसे पहले तोंद के मालिक को ही होता है।पर वो असमंजस बना रहता है पहले कुछ महीनों तक।वो उसे पेट ही कहता रहता है।उसके अस्तित्व से ही इनकार करता है।

हल्के से लेता है वो अपनी तोंद को।समझाता है वो खुद को कि ये लगातार हो रहे शादी ब्याहो मे उड़ाए गये तर माल का नतीजा भर है।उसे लगता है पिछले कुछ दिनों से पूरी ना हो सकी नींद की वजह से हुआ है ऐसा और जल्दी ही वह अपने पुराने शेप मे लौट आयेगा।

नयी नयी तोंद के मालिक को लगता है कि ये मौसमी वायरल टाईप की ,भरी जवानी मे हुये मुँहासों जैसी ही कोई चीज है।जिसे बिना इलाज के एकाध हफ्ते मे खुद बख़ुद ठीक हो ही जाना है।

पर ऐसा होता नहीं।हफ्ते महीनों मे बदलते है वो वो नामुराद चीज उसके सीने से नीचे और कमर के ऊपर बेशर्मी से अपना आयतन बढ़ाती रहती है।

बीबी बच्चे टोकने लगते हैं ऐसे में।वो बीबी के माथे मढ़ता है अपनी तोंद।उसके बनाये खाने को ,उसके जिद करके खरीदे गये टीवी को ,रोज रोज आते त्यौहारों को ,अपने बाप ,दादाओं की तोंदों सी आनुवांशिकता को इसका जिम्मेदार बताता है।तोंद का जिक्र होते ही मुँह बनाता है। लड़ने भिड़ने पर उतारू होता है और घर का माहौल खराब कर देता है।चाहता ही नही कोई यह नाजुक मुद्दा छेड़े।

बीबी बच्चे जल्दी ही समझदार हो जाते है। ऐसे में और तोंद अनदेखी की जाने लगती है।पर तोंद को पसंद आता नही अनदेखा किया जाना।वह शर्ट के बटन तोड़ कर प्रगट हो जाना चाहती है।हो ही जाती है।मजबूर कर देती है बंदे को कि शर्ट इन करना छोड़ दे।बहुत बार शर्ट हाथ खडे कर देती है तब कुरता इज्जत बचाने की जिम्मेदारी उठाने आगे आता है।

बीबी बच्चे मन मार कर भले ही तोंद की तरफ से आँखें फेर लें पर कमीने दोस्त यार मानते नही।मजे लिये जाते है तोंद के मालिक के।तोंद के फायदे समझाने के साथ साथ उसे तोंद के निकल आने के ऐसे ऐसे कारण बताते है जो केवल खून जलाते हैं।तोंद से पीछा छुड़ाने के ऐसे ऐसे जानलेवा तरीके भी बताना भी दोस्त अपना फर्ज समझते है जिन्हें अमल मे लाने के चक्कर मे बंदे की जान जाते जाते बचती है।

बहुत बार तानो से प्रेरित भी होता है वो ! लडता है वो अपनी तोंद से।कसम उठाता है कि वो वापस अपनी तेईस साल की उम्र वाला पेट हासिल करके ही दम लेगा।अपने लिये कठिन टाईम टेबल तय कर लेता है वो। नये महँगे स्पोर्ट्स शू खरीदता है। सुबह जल्दी उठकर घूमने जाना शुरू होता है।क्या खाना है ? कितनी पीना है जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी इस टाईम टेबल मे जगह दी जाती है।नजदीकी जिम की साल भर की फीस एडवान्स मे भर दी जाती है। कपालभाति और अनुलोम विलोम भी जिंदगी मे चले आते हैं।आयुर्वेद के मरियल से डॉक्टरों की सलाहों पर अमल भी होता है।यह सिलसिला चलता भी है कुछ दिन।फिर कभी अचानक लेट नाइट पार्टी हो जाती है।मौसम अचानक खराब हो जाता है।सुबह सुबह बॉस को लेने एयरपोर्ट भी जाना पड़ता है बंदे को।कभी कभी पीठ की कोई नस खिंच जाती है। नतीजा वही निकलता है इसका ! स्पोर्ट्स शू पर धूल जमने लगती है और तोंद चीन की तरह चुपचाप अपना इलाका बढ़ाने मे लगी रहती है !

तोंद और आदमी की लडाई मे तोंद हमेशा बाजीराव पेशवा साबित होती है ! आपको हथियार डालने ही पडते है इस अजेय योद्धा के सामने ! घुटने टेकता है वो अपनी तोंद के सामने और संधि करने पर विवश होता है !

ऐसे में अब क्या करे आदमी ? वो अनचाहे गर्भवती हो गयी महिला की तरह बर्ताव करता है।ढीले कपडे पहनना शुरू करता है अब वो।कुछ समय पहले ही खरीदी गई पेंट के बगावती हुको को नजरअंदाज कर अगली साइज का पेंट खरीदता है।फोटो शूट करते वक्त साँस बाहर छोड़ता है और तब तक साँस नही लेता जब तक फोटोग्राफर क्लिक ना कर दे। अपनी फोटो तब तक एडिट करता है जब तक उसमे से तोंद अन्तर्ध्यान ना हो जाए।

तोंद से पराजित आदमी सोफे मे धँसे रहना स्वीकार कर लेता है।अब टीवी पर बाबा रामदेव का पेट फुलाना ,पिचकाना प्रभावित नही करता उसे।वो एक लार्ज पीत्ज़ा ऑर्डर करता है और चैनल बदल देता है।मान लेता है कि वो अब अपने घुटने कभी नही देख पायेगा।

स्मार्ट लोगों की संगत से बचता है अब वो।अपने जैसे तोंद के मालिक पसंद आने लगते हैं उसे।उसके तर्क अपनी तोंद को सपोर्ट करते हैं अब।मामूली बात है ये यार। क्या फर्क पड़ता है ? किसकी नही होती तोंद ? खाये पिये लोगों की निशानी है ये भाई।एक उम्र के बाद तो सबकी निकल आती है ये। हमारी भी है तो है।

तोंद बूढे की उस कम उम्र बीबी तरह होती है जो उसकी बची हुई जिंदगी पर काबिज हुए मानती नही। बुज़ुर्गवार जानते है उनकी हँसी उड़ने की वजह है वो।वो उसे सात पर्दों में छुपा कर रखना चाहते है ,पर वह खिलखिलाकर बाहर निकल ही पड़ती है।

तोंद का निकलना ,निकले रहना जन्म मरण सा ही विधि हाथ है।यदि ये आपका नक्शा बिगाड़ कर पाकिस्तान की तरह पैदा हो ही चुकी है तो मान लीजिये कि वह है। इससे लड़ना समय और धन की बर्बादी ही है और कुछ नही।

जीना सीखिये अपनी तोंद के साथ इसी मे सार है।