अहमदाबाद–बैतूल नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से तेंदुए की मौत, गांव में दहशत

100

अहमदाबाद–बैतूल नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से तेंदुए की मौत, गांव में दहशत

▪️राजेश जयंत▪️

JHABUA: मध्य प्रदेश के पश्चिम सीमांत जनजातीय बहुल झाबुआ जिले के कालीदेवी थाना क्षेत्र में अहमदाबाद–बैतूल नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। ग्राम भुराडाबरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे मृत तेंदुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।

▪️सुबह 6.30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे की है। तेंदुआ हाईवे पार कर रहा था, इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेंदुए ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

▪️वाहन-चालक का कोई सुराग नहीं
हादसे के बाद संबंधित कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस और वन विभाग को उस वाहन के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

▪️ग्रामीणों में मचा हड़कंप
सुबह सड़क किनारे तेंदुए का शव देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों में डर का माहौल है क्योंकि इससे पहले गांव या आसपास के इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की कोई सूचना नहीं थी।

▪️वन अमला मौके पर पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया। सूचना पर वन विभाग की पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित किया। मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

▪️पीएम रिपोर्ट के बाद होंगे स्पष्ट कारण
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तेंदुए की मौत का सटीक समय क्या था और उसे कितनी गंभीर चोटें आई थीं।

▪️तेंदुआ आया कहां से, बना रहस्य
सबसे बड़ा सवाल यही है कि तेंदुआ आखिर इस क्षेत्र में आया कहां से। न तो ग्रामीणों ने तेंदुए को पहले देखा और न ही उसकी आवाज सुनने की पुष्टि हुई है। वन विभाग आसपास के वन क्षेत्रों और संभावित वन्यजीव गलियारों के आधार पर जांच कर रहा है।

▪️सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह और रात के समय सतर्क रहें। किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें। साथ ही हाईवे पर वाहनों की निगरानी जरूरत भी जताई गई है।