WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Lightning: खेत में बोनी कर रहे 2 किसानों पर गिरी आकाशीय बिजली, दोनों की मौत

बारिश से बीज बचाने के लिए त्रिपाल डाल रहे थे दोनों किसान; गांव में शोक

Lightning: खेत में बोनी कर रहे 2 किसानों पर गिरी आकाशीय बिजली, दोनों की मौत

छतरपुर: जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के पाली गांव में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। दोनों किसान खरीफ फसल की बोनी के दौरान बारिश से बीज बचाने के लिए त्रिपाल लगा रहे थे। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पाली गांव निवासी हलकन यादव, जुग्गन यादव, रामू यादव और राजू लोधी खेत में खरीफ फसल की बोनी कर रहे थे। शाम करीब 5:25 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बीज खराब होने की आशंका के चलते जुग्गन यादव (45) और राजू लोधी (40) बीज को ढंकने के लिए त्रिपाल लगाने लगे। इसी दौरान आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पढ़ना जारी रखें

प्रत्यक्षदर्शी और मृतक जुग्गन यादव के भाई रामू यादव ने बताया कि बारिश शुरू होते ही सभी लोग बीज बचाने में जुट गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से दोनों किसान गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बकस्वाहा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने शासन से दोनों मृतक किसानों के परिवारों को आर्थिक सहायता और राहत राशि देने की मांग की है।