हरियाणा की हैट्रिक से बनी कमल लय…महाराष्ट्र, झारखंड में फील गुड और दिल्ली फतह तय…

हरियाणा की हैट्रिक से बनी कमल लय…महाराष्ट्र, झारखंड में फील गुड और दिल्ली फतह तय…

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम ने एग्जिट पोल्स को एक बार फिर से आइना दिखाया है। मंगलवार 8 अक्टूबर को आए चुनाव परिणाम ने हरियाणा में भाजपा को मंगलमय किया है तो जम्मू-कश्मीर में इंडिया गठबंधन को मंगलमय किया तो भाजपा भी मंगलमय महसूस कर रही है। एग्जिट पोल्स को हरियाणा ने ‘आउट’ कर दिया, तो जम्मू-कश्मीर ने लाज बचाए रखी। हरियाणा में हैट्रिक का रिकार्ड बनाकर भाजपा ने मनोवैज्ञानिक लाभ हासिल कर लिया है। महाराष्ट्र और झारखंड में भाजपा और इसके साथ चुनाव लड़ रहे दल फीलगुड कर रहे हैं, तो हरियाणा से सटी देश की राजधानी दिल्ली में अबकी बार भाजपा सरकार के नारे लगने ही लगे होंगे। ‘आप’ की जगह इस बार दिल्ली में भाजपा फतह करने के करीब है। अब जम्मू-कश्मीर में इंडिया गठबंधन आ गया तो विपक्ष के पास ईवीएम ईवीएम करने जैसा कुछ नहीं बचा। वैसे तो भाजपा में फिलहाल एक ही चेहरा है ‘मोदी’ का और बाकी श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। पर मोदी ने हरियाणा की हैट्रिक को संविधान और लोकतंत्र की जीत बताया है। हरियाणा की जीत का जश्न मध्यप्रदेश भी मना रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चार सीटों पर प्रचार के लिए भेजा गया था, चारों सीटें भाजपा के खाते में गई हैं। वहीं डॉ. मोहन यादव जम्मू की सांबा सीट पर प्रचार करने गए थे, यहां भी भाजपा जीती है। यानि कि डॉ. मोहन यादव का परफोर्मेंस सौ फीसदी रहा है। तो संगठन के मुखिया विष्णु दत्त शर्मा ने जलेबी खिलाकर जश्न मनाकर हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

चुनाव आयोग के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने हरियाणा की 90 सीटों में से 48 पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत हासिल की है। खास बात है कि भाजपा ने 2019 विधानसभा चुनाव का आंकड़ा पार कर लिया है। उस दौरान पार्टी ने 40 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव की 90 सीटों में सबसे ज्यादा जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीती हैं। भाजपा ने 29 और कांग्रेस पार्टी 6 सीटें ही जीत पाई। महबूबा मुफ्ती की पार्टी ने तीन सीटें जीती हैं। आम आदमी पार्टी ने भी एक सीट जीती है। वहीं 7 सीटें निर्दलीयों के खाते में गई हैं।

नरेंद्र मोदी खुश हैं, पर 2024 लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद चेहरे पर खुशी की स्वाभाविक झलक देखने को नहीं मिल पा रही है। हालांकि कांग्रेस को उन्होंने आइना दिखाने में कंजूसी नहीं की। दिल्ली में मोदी बोले “जहां भी बीजेपी की सरकार बनती है, वहां के लोग लंबे समय तक बीजेपी का समर्थन करते हैं। और दूसरी तरफ, कांग्रेस की क्या स्थिति है? पिछली बार कांग्रेस की सरकार कब सत्ता में आई थी? करीब 13 साल पहले 2011 में असम में उनकी सरकार दोबारा बनी थी और तब से अब तक उनकी सरकार दोबारा नहीं बनी है…देश के ज्यादातर राज्यों में लोगों ने कांग्रेस के लिए ‘नो एंट्री’ के बोर्ड लगा दिए हैं।” मोदी ने कहा, “जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनाव हुए, वोटों की गिनती हुई और नतीजे घोषित किए गए और यह भारतीय संविधान और लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर की जनता ने एनसी गठबंधन को जनादेश दिया, मैं उन्हें भी बधाई देता हूं। अगर वोट शेयर प्रतिशत देखें तो जम्मू-कश्मीर में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।” मोदी ने कहा, “आज नवरात्री का छठा दिन है। मां कात्यायनी की आराधना का दिन है…मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हम सभी को आशीर्वाद दे रही है।”

वैसे हरियाणा में राहुल गांधी की उम्मीदों पर पानी फिरा है। और वजह भी साफ है कांग्रेस नेताओं की चुनाव पूर्व कलह। उधर जम्मू-कश्मीर में भी नेशनल कॉन्फ्रेंस की मेहरबानी से छह सीटें पाना भी बड़ी उपलब्धि नहीं मानी जा सकती। पर इंडिया गठबंधन के आने से राहुल के मन में सुकून की बड़ी वजह तो जिंदा है।मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा असल में ये चुनाव कांग्रेस का नहीं था बल्कि राहुल गांधी के फेल होने का था। सीएम ने कहा, “हमें उम्मीद थी की निश्चित रूप से भाजपा की सरकार ने जो 10 सालों में काम किया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यपद्धति का असर पड़ा है और यही कारण है कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है।” तो विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज का दिन भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिन है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, अमित शाह की कुशल रणनीति और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से यह परिणाम आए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को जनता ने आशीर्वाद दिया है। भाजपा के बूथ-बूथ के कार्यकर्ताओं ने सजग प्रहरी की तरह कार्य किया, इसी का परिणाम है कि हम हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बना रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन से स्पष्ट हो गया कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब कल्याण के कार्यों को अपना आशीर्वाद दिया है। देश की जनता प्रधानमंत्री के साथ है।

फिलहाल देश की जनता कमल के साथ है, पर मतदाताओं का यह भाव परिवर्तनशील है। फिर भी हरियाणा की हैट्रिक से कमल लय बन चुकी है …इससे महाराष्ट्र, झारखंड में फील गुड होना स्वाभाविक है और इसी के चलते दिल्ली फतह की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.

..।

 

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।