Maihar’s BJP MLA Left Party : भाजपा ने टिकट काटा तो मैहर MLA नारायण त्रिपाठी ने पार्टी छोड़ी!

कई बार पार्टी बदल चुके, फिर कांग्रेस ज्वाइन करने की अटकलें लगाई जा रही! 

406

Maihar’s BJP MLA Left Party : भाजपा ने टिकट काटा तो मैहर MLA नारायण त्रिपाठी ने पार्टी छोड़ी!

 

कई बार पार्टी बदल चुके, फिर कांग्रेस ज्वाइन करने की अटकलें लगाई जा रही!

 

Satna : भाजपा के मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया। क्योंकि, भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। यहां से ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक नेता श्रीकांत चतुर्वेदी को टिकट दिया गया है। नारायण त्रिपाठी करीब दो साल से नाराज चल रहे थे। यही कारण था कि वे सरकार और पार्टी दोनों पर हमले करने का मौका नहीं छोड़ रहे थे। नारायण त्रिपाठी को लेकर अनुमान है कि वे फिर पार्टी बदल सकते हैं। नवरात्रि में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

कुछ दिन पहले शिवराज सरकार ने मैहर को जिला घोषित किया। लेकिन, मैहर को जिला बनाने की श्रेय नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार को दिया। उन्होंने अलग विंध्य प्रदेश की मांग करते हुए खुद का अलग संगठन भी बनाया है। कहा जा रहा था कि त्रिपाठी इसी संगठन के बैनर पर चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, अब उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावना लग रही हैं।

 

भाजपा से उनकी लंबी नाराजी

वे लंबे समय से भाजपा से नाराज चल रहे हैं। इसके बाद भी पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता नहीं दिखाया। 2018 का विधानसभा चुनाव उन्होंने भाजपा के टिकट से जीता था। वे लम्बे समय से अलग विंध्य प्रदेश की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए ‘विंध्य विकास पार्टी’ का गठन भी किया। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि हमारी पार्टी के प्रत्याशी अलग-अलग सीटों से चुनाव लड़ेंगे। मैहर जिला बनने के बाद भी उन्होंने कहा था कि जैसे मैहरअलग जिला बना है उसी तरह अलग विंध्य प्रदेश भी बनेगा।

 

पार्टी बदलते रहने का पुराना इतिहास

नारायण त्रिपाठी का पार्टी बदलते रहने का लम्बा इतिहास रहा है। उन्होंने अपनी राजनीति समाजवादी पार्टी से शुरू की थी। 2003 का विधानसभा चुनाव उन्होंने इसी पार्टी के टिकट से लड़ा, जीत भी मिली थी उसके बाद वो समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। 2009 में वे कांग्रेस में शामिल हुए। 2013 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर दूसरी बार विधायक बने। 2015 में विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए। उपचुनाव में फिर भाजपा के टिकट से जीते। 2028 का विधानसभा चुनाव भी भाजपा के टिकट पर जीते। लेकिन, अब वे फिर पार्टी बदलकर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं!