Major IAS Reshuffle In Haryana: 18 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, दो का निलंबन रद्द कर नई पोस्टिंग दी गई 

679

Major IAS Reshuffle In Haryana: 18 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, दो का निलंबन रद्द कर नई पोस्टिंग दी गई 

 

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने नये साल के पहले दिन 18 IAS अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बदलाव किया गया है। बराड़ IAS दंपति पर सरकार ने सबसे अधिक भरोसा जताया है। भ्रष्टाचार के आरोप झेल रहे दो IAS अधिकारियों– विजय सिंह दहिया और जयवीर सिंह आर्य को पोस्टिंग दे दी गयी है। दहिया को सरकार ने करनाल का मंडलायुक्त लगाया है, वहीं आर्य को वित्त विभाग में विशेष सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने 2001 बैच के आईएएस दहिया और 2009 बैच के आईएएस आर्य को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों को जमानत मिलने के बाद पिछले दिनों सरकार ने उनका सस्पेंशन रद्द कर दिया था।

सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल से पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट लेकर सरकार ने इसकी जिम्मेदारी 2005 बैच के आईएएस मनदीप सिंह बराड़ को सौंपी है। मनदीप बराड़ को खनन एवं भूविज्ञान का महानिदेशक और मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का मिशन डायरेक्टर भी लगाया गया है। डॉ. अमित अग्रवाल को हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के एमडी की जिम्मेदारी दी गयी है। अभी तक यह पद मोहम्मद शाइन के पास था।

मनदीप बराड़ की पत्नी व 2004 बैच की आईएएस अधिकारी आशिमा बराड़ को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त प्रधान सचिव लगाया गया है। सीएमओ में उनकी दूसरी बार एंट्री हुई है। पहले वे सीएम की उपप्रधान सचिव थीं। लंबी छुट्‌टी पर जाने के चलते उनकी जगह केएम पांडुरंग को सीएम का उपप्रधान सचिव लगाया गया था। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मामले तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग की महानिदेशक की जिम्मेदारी भी आशिमा बराड़ को सौंपी गयी है।

वहीं, केएम पांडुरंग को सीएमओ से बदल कर हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन का एमडी लगाया गया है। पांडुरंग को पंचकूला तथा सोनीपत मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी के सीईओ की भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ पीसी मीणा को यहां से बदल कर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का एमडी लगाया गया है।