Mangalsutra Booty : 2 महिलाओं के मंगलसूत्र लूटे, आधे मंगलसूत्र ले भागे!

अन्नपूर्णा इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ी, सुबह कहीं पुलिस गश्त नहीं!

693

Indore : महिलाओं के साथ शहर में अपराधों में अचानक तेजी आई है। सड़क चलते लूटपाट की घटनाएं बढ़ी है। अन्नपूर्णा क्षेत्र में मार्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से मंगलसूत्र लूटने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया। दोनों महिलाओं ने बदमाशों का विरोध भी किया। एक लुटेरे ने चाकू से वार भी किए। दोनों महिलाओं ने मंगलसूत्र नहीं छोड़े, तो बदमाश तोड़कर ले भागे।

इस घटना में चाकू लगने से एक महिला के हाथों में 3-4 जगह चोट आई है। दूसरी महिला ने बाल खींचने के बावजूद हिम्मत दिखाकर शोर मचाया। लेकिन, सुबह का वक्त होने से कोई मदद के लिए नहीं आ सका। इस दौरान पुलिस भी नजर नहीं आई। बाद में बदमाश डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में पहुंचे और बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ भाग गए। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें महिलाएं बदमाशों से संघर्ष करती ही दिखाई से दिख रही हैं।

यह घटना शनिवार सुबह अन्नपूर्णा मेन रोड की है। महू नाका स्थित अप्पाजी की बगीची में रहने वाली पूर्णिमा पति नितिन वैद्य अपनी सहेली माधुरी गुप्ता के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। सुबह करीब पौने 7 बजे वे वॉक करके घर लौट रही थीं, तभी पीछे से दो बदमाश दौड़ लगाकर उनके पास आए। एक ने माधुरी के पीछे से बाल खींचे और गले का सोने का मंगलसूत्र झपटा, लेकिन उन्होंने मंगलसूत्र का पैंडल वाला हिस्सा पकड़ लिया तो वह टूट गया। आधा मंगलसूत्र बदमाश लूटकर ले गया।

दूसरा बदमाश चाकू लेकर पूर्णिमा के पास आया और सीने पर चाकू अड़ाकर मंगलसूत्र मांगने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो उसने चाकू से तीन-चार वार कर दिए। बचने के लिए हाथ अड़ाए, जिस पर गंभीर घाव हुए। इस दौरान बदमाश ने सोने का डेढ़ तोला वजनी मंगलसूत्र झपटा तो उसे पकड़ लिया, इससे मंगलसूत्र टूट गया और आधा हिस्सा बदमाश लूट कर ले भागा। संघर्ष करते हुए देखकर दोनों बदमाश दौड़कर सड़क के डिवाइडर को फांदकर महू नाका की ओर जाने वाले मार्ग की तरफ भागे।

सुबह पुलिस नहीं दिखती

पूर्णिमा ने बताया उनके पति एलआईसी में रीजनल मैनेजर हैं। माधुरी के पति निजी कंपनी में हैं। दोनों करीब 3 से 4 किमी रोज वॉक करती हैं। लेकिन, जिन स्थानों से वे गुजरती हैं वहां कभी पुलिस की गश्त नजर नहीं आई।

सुबह चोरी की घटनाएं

पुलिस की लापरवाही से क्षेत्र के व्यापारी भी आक्रोशित हैं। कुछ दिन पहले ही अन्नपूर्णा मेन रोड पर सुबह 4 से 5 बजे के बीच दो मेडिकल शॉप के ताले तोड़कर लाखों माल चुराकर ले गए थे। बदमाशों के फुटेज भी सामने आए, लेकिन पुलिस अब तक बदमाशों को पकड़ नहीं पाई। क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि रात में एक दो बार गाड़ी सायरन बजाकर निकल जाती है। सुबह 4 से 6 के बीच पुलिस कि गश्त नहीं होती। न कोई पुलिसवाला नजर आता है।