Merchant Chased Away Robbers : व्यापारी को लूटने की कोशिश करने वाले रिवाल्वर छोड़कर भागे!

व्यापारी ने बैग नहीं छोड़ा और उन पर झपट पड़ा, दोनों बदमाश इससे डर गए!

552

Merchant Chased Away Robbers : व्यापारी को लूटने की कोशिश करने वाले रिवाल्वर छोड़कर भागे!

Indore : जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक लोहा व्यापारी का पीछा करके दो बदमाशों ने लूट की कोशिश की। लेकिन, व्यापारी की हिम्मत से उनकी कोशिश कामयाब नहीं हुई। घटना देर शाम की बताई जा रही है। जब व्यापारी एक्टिवा पर अपने घर जा रहा था तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए, दो बदमाशों ने व्यापारी से बैग छीनने का प्रयास किया। बदमाशों ने उसे रिवाल्वर भी दिखाई, लेकिन व्यापारी की हिम्मत के कारण आरोपी लूट में सफल नहीं हो सके!

बदमाशों ने व्यापारी को जैसे ही रिवाल्वर दिखाई, व्यापारी उन पर झपट पड़ा और डरकर दोनों बदमाश भाग गए। इसके बाद व्यापारी ने पुलिस को अपने साथ हुई वारदात की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर मामला दर्ज कर लिया है। व्यापारी के दिए गए हुलिए के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। DCP आरके सिंह ने घटना के बारे में जानकारी दी। यह घटना CCTV में भी कैद हुई है।

दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। हातिमताई रंगवाला की हाथीपाला स्थित मालवा रोलिंग के नाम से दुकान है। वे दुकान बंद करके वीर सावरकर नगर स्थित अपने घर की तरफ जा रहे थे। तभी रेकी करने के बाद दो नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी के घर पहुंचने से पहले उसे रोका। उन्होंने नकली रिवाल्वर दिखाकर बैग छीनने का प्रयास भी किया। लेकिन, व्यापारी हातिम भाई ने हिम्मत करके दोनों बदमाशों पर झपट पड़े और बदमाशों की रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया।

व्यापारी के अचानक झपटने से बदमाश इतने डर गए कि वह रिवाल्वर छोड़कर ही मौके से फरार हो गए। व्यापारी के पास बैग में 70 से 80 हजार रूपए रखे थे, लेकिन बदमाश उसे ले जा नहीं सके। घटना के बाद लोहा व्यापारी ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।