Minister’s Knowledge :केंद्रीय राज्यमंत्री स्कूल में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ तक नहीं लिख सकी!

VDO वायरल, बोर्ड पर लिखा 'बेटी पड़ाओ बच्चाव' इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष ने भी 'एक्स' पर पोस्ट लिखी!

327

Minister’s Knowledge :केंद्रीय राज्यमंत्री स्कूल में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ तक नहीं लिख सकी!

Dhar : सरकारी स्कूलों में मंगलवार को प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया था। इसे लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम हुए। धार जिले के एक स्कूल में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी पहुंची। ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत वह सरकारी स्कूल के बोर्ड पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ लिख रही थीं। लेकिन, वे इसे भी सही और पूरा नहीं लिख पाई। उनके लिखे का वीडियो वायरल हो रहा है। उनके अक्षर ज्ञान को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने भी सोशल मीडिया पर लिखा है। उन्होंने लिखा कि लगता है मोदी जी को ऐसे ही रबर स्टाम्प मंत्री चाहिए!

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर धार लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद बनी हैं। वे पहली बार केंद्र में मंत्री बनी हैं। धार शहर के ब्रह्मा कुंडी स्कूल में वे स्कूली बच्चों का स्वागत करने पहुंची। दाखिले बाद के पहली बार ये बच्चे स्कूल पहुंचे थे। इसे लेकर स्कूलों में भव्य समारोह का आयोजन हुआ। बेटी को स्कूल तक लाने के लिए राज्यमंत्री स्कूल बोर्ड पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ का संदेश लिखने गईं।  

‘बेटी पड़ाओ बच्चाव’ लिख दिया

महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर बोर्ड पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ तक नहीं लिख सकी। उन्होंने बोर्ड पर ‘बेटी पड़ाओ बच्चाव’ लिख दिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि मंत्री सावित्री ठाकुर को अपनी गलती का एहसास था, उनके साथ का कोई व्यक्ति टोकता भी है लेकिन वह सुधार नहीं कर पाईं।

रिकॉर्ड के मुताबिक 12वीं पास

चुनावी हलफनामे के अनुसार धार सांसद और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर 12वीं पास हैं। वह धार लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद बनी हैं। परिवार का राजनीति से दूर-दूर तक नाता नहीं रहा है। पति किसान हैं और पिता सरकारी कर्मचारी रही हैं। सावित्री ठाकुर संघ से जुड़ी रही हैं और क्षेत्र में एक्टिव रहती हैं। लेकिन, उनके अक्षर ज्ञान को लेकर जमकर खिल्ली उड़ रही है।