बांकुरा में ‘ममता’ पर बरसे ‘मोहन’… ‘बहन’ नहीं अब बन गई ‘आपी’…

46

बांकुरा में ‘ममता’ पर बरसे ‘मोहन’… ‘बहन’ नहीं अब बन गई ‘आपी’…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पश्चिम बंगाल में कमल खिलाने में सहभागी बनाया जा रहा है। 2 अप्रैल 2026 को डॉ मोहन यादव ने बांकुरा पहुंचकर ममता की खूब खैर खबर ली। यहां तक कह दिया कि ममता बहन नहीं आपी बन गई हैं। हालाँकि, यह केवल संकेतात्मक तौर पर ममता को मुस्लिम मतदाताओं का हिमायती बताने का उनका प्रयास था। और पश्चिम बंगाल में भाजपा का मुख्य एजेंडा ही हिंदुत्व है। इसीलिए उन्होंने आरोप लगाया कि ममता दीदी के राज में हिंदु लगातार अपमानित हो रहे हैं। मोहन अपने मन की बात बांकुरा जिले के मतदाताओं के मन तक पहुँचाने में सफल रहे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशियों की कोई जगह नहीं है। पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को आगे बढ़ते देख रही है। बांकुरा जिले में सीएम डॉ. यादव ने जनता को संबोधित किया और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट भी मांगा।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में जादू बिखेरा। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बांकुरा में आज हमारे सभी प्रत्याशियों का नामांकन भरने का मौका है। यह धरती सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद, गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर, सुप्रसिद्ध मूर्तिकार राम किंकर की धरती। आज चुनाव का शंखनाद हो रहा है। ममता दीदी के राज में सब परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ममता अब दीदी नहीं है, ये अप्पी हो गई हैं। ये बात पूरे देश में सुनाई दे रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ममता दीदी बंगाली मानुष के अधिकारों को बांग्लादेश को देने पर तुली हुई हैं। इसलिए यह चुनाव नहीं धर्म युद्ध है। इस माहौल में श्री राम का मंत्र हम सभी को ताकत दे रहा है। आज हमारे बंगाल में यहां का युवा-महिला-गरीब-किसान, सभी लोग बदलाव के लिए खड़े हो गए हैं। सब अपनी आन-बान-शान के लिए लड़ रहे हैं। आज दुनिया की कोई ताकत बीजेपी को बंगाल में सत्ता हासिल करने से रोक नहीं सकती। बांकुरा जिले में 15 साल से सत्ता पर कायम ममता दीदी के राज में लोग पलायन कर रहे हैं। कोई ओडीशा जा रहा है, कोई महाराष्ट्र जा रहा है, कोई झारखंड जा रहा है। वर्तमान में बंगाल का युवा कंगाल हो रहा है और बांग्लादेशी मालामाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत का कद-उसका मान बढ़ता देख रही है। बांग्लादेश से घुसपैठिए आ रहे हैं और हमारे अधिकारों पर कब्जा कर रहे हैं। बांग्लादेश के लोगों के लिए बंगाल में कोई जगह नहीं है।

तो मोहन ने पश्चिम बंगाल में ममता को खूब कोसा। वहीं भाजपा सरकार बनने का पूरा भरोसा भी जताया। मूल रूप से हिंदुत्व एजेंडे पर आगे बढ़ रही भाजपा को पश्चिम बंगाल में ममता पर फतेह करने में कितनी सफलता मिलती है, यह तय होने वाला है। भाजपा ने अपनी पूरी ताकत पश्चिम बंगाल में झोंक रखी है। इस ताकत से ममता पर कितनी आफत आती है यह जल्द ही सामने आ जाएगा… वरना भाजपा की बंगाल फतेह की उम्मीदों पर पूरी तरह से पानी फिर जाएगा।

 

 

लेखक के बारे में –

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।