

Monsoon Update : इस बार MP में मानसून की एंट्री 6 दिन पहले 15-16 जून तक होने की संभावना!
Bhopal : प्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री 15-16 जून तक हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून प्रदेश के पूर्वी हिस्से से प्रवेश करेगा। यानी, मंडला, सिवनी, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर में सबसे ज्यादा बारिश होगी। एंट्री से अगले 5 दिन यानी, 20 जून तक मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। भोपाल और इंदौर में 150% तक पानी गिरने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने इस बार देश में मानसून की एंट्री 4 दिन पहले यानी, 27 मई तक होने का अनुमान लगाया है। इस हिसाब से 15 से 18 दिन में यह मध्यप्रदेश में प्रवेश कर जाएगा। प्रदेश में मानसून के आमद की सामान्य तारीख 15 जून है। हालांकि, पिछले कुछ सालों से यह 18 जून के बाद ही प्रदेश में एंटर हो रहा है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि यदि देश में मानसून की आमद जल्दी होती है, तो यह प्रदेश में भी समय पर आ सकता है।
पिछले साल (2024) में मानसून की 21 जून को एंट्री हुई थी। यह 6 दिन देरी से प्रदेश में पहुंचा था। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मध्यप्रदेश के पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में प्रवेश किया था। इस बार भी इन्हीं जिलों से मानसून के आने की संभावना है।
सामान्य से बेहतर मानसून रहने की उम्मीद
प्रदेश में इस बार मानसून के सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद जताई है। अनुमान के मुताबिक, एमपी में 104% से 106% यानी औसत 38-39 इंच बारिश हो सकती है। जबलपुर-शहडोल संभाग में सबसे ज्यादा पानी गिरेगा। जबकि, ग्वालियर, चंबल, इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग में भी बारिश कोटे से ऊपर निकल सकती है। साल 2023 में प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई थी, लेकिन पिछले साल भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत 44 जिलों में कोटे से ज्यादा बारिश हुई।