तीन बच्चों को कुएं में फेंक हत्या करने के आरोप में मां गिरफ्तार 

144

तीन बच्चों को कुएं में फेंक हत्या करने के आरोप में मां गिरफ्तार 

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला ने तौर पर अपने तीनों मासूम बच्चों को खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के पीछे महिला की मानसिक अस्थिरता सामने आई है। महिला को आज रात्रि गिरफ्तार कर लिया गया है।

खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि सनावद थाना क्षेत्र के ग्राम मलगांव और भोमवाड़ा के बीच स्थित एक खेत में यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि नानी बाई ने अपने दो वर्षीय पुत्र अर्जुन और चार वर्षीय पुत्र करण को खेत में बने कुएं में फेंक दिया। इसके बाद वह स्वयं भी अपने लगभग 15 दिन के शिशु को लेकर कुएं में कूद गई।

उन्होंने बताया कि नानी बाई तैरना जानती थी लेकिन वह घबरा गई और उसने कुएं के अंदर मौजूद रस्सी और सीढ़ी का सहारा लेकर किसी तरह बाहर निकलने में सफलता पा ली। बाहर निकलने के बाद उसने शोर मचाया, लेकिन जब तक ग्रामीण कुए से तीनों बच्चों को बाहर निकालते , मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सनावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना के समय महिला का पति कालू मजदूरी करने के लिए खेतों में गया हुआ था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टिया यही कारण सामने आया है कि महिला को पन्द्रह दिन पूर्व एक बच्चा पैदा हुआ था, और वह पोस्ट डिलीवरी डिप्रेशन से गुजर रही थी। उसके लिए तीनों बच्चों को संभाल पाना मुश्किल हो रहा था।

उन्होंने बताया कि महिला के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर आज रात्रि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

नानी बाई के पति कालू ने बताया कि वह अपने करीब 20 अन्य साथियों के साथ खंडवा जिले के पिपलूद क्षेत्र से मजदूरी करने के लिए खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र के मलगांव आया हुआ था। ये सभी लोग यहां गेहूं काटने का काम कर रहे थे और खेत के पास ही अस्थायी रूप से रह रहे थे।

उसने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 7 बजे अन्य मजदूरों के साथ गेहूं काटने के लिए खेत में चला गया था। कुछ समय बाद उसे घटना की सूचना मिली। कालू ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका अपनी पत्नी नानी बाई के साथ किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ था, और वह अच्छे तरीके से साथ में रह रहे थे।