MP BJP’s List: 70 नामों की 5वीं सूची आज हो सकती है जारी, दिल्ली में देर रात तक हुआ शेष 94 सीटों पर मंथन

डेढ़ दर्जन विधायकों और 3 मंत्रियों के टिकट पर संकट, अनुभवी नेताओं को फिर मौका मिलने के आसार

231
BJP

MP BJP’s List: 70 नामों की 5वीं सूची आज हो सकती है जारी, दिल्ली में देर रात तक हुआ शेष 94 सीटों पर मंथन

भोपाल : मध्य प्रदेश भाजपा में 70 नामों की पांचवी सूची आज जारी हो सकती है। दिल्ली में देर रात तक शेष बची 94 सीटों पर बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में मंथन किया गया ।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के आवास पर मध्य प्रदेश चुनावों के लिए बची हुई विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर देर रात तक चर्चा हुई। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा, मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य के चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित कोर ग्रुप के कई नेता बैठक में मौजूद थे। भाजपा अब तक 136 लोगों की सूची जारी कर चुकी है। माना जा रहा है कि शेष 94 सीटों में जिन सीटों में एकल नाम फाइनल हुए हैं, उन पर आज अंतिम मोहर लगकर घोषणा की जा सकती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ दर्जन विधायकों और तीन मंत्रियों के टिकट पर संकट है। उनके स्थान पर पार्टी नए चेहरे उतार सकती है। मंत्री इंदर सिंह परमार की सीट बदली जा सकती है। यह तीनों मंत्री सिंधिया कैंप के बताए जाते हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज आने वाले पांचवी लिस्ट में अनुभवी नेताओं को फिर से मौका मिल सकता है। कांग्रेस की 144 उम्मीदवारों की सूची आने के बाद भाजपा ने रणनीति में फिर कुछ बदलाव किया है। इस बदलाव में फिर से अनुभवी लोगों को मौका दिए जाने की चर्चा है। बताया गया है कि बीजेपी अब किसी भी प्रकार का नया रिस्क लेने के मूड में दिखाई नहीं दे रही है। केवल डेढ़ दर्जन सीटों को लेकर उहापोह की स्थिति है। उन पर टिकट रोक कर शेष नामों की घोषणा आज हो सकती है।