MP Elections 2023: भाजपा की विधानसभा चुनाव समितियों के नाम तय, घोषणा जल्द!

दिल्ली की सहमति के बाद ही समितियों और उसके पदाधिकारियों के नाम सामने आएंगे!

715

MP Elections 2023: भाजपा की विधानसभा चुनाव समितियों के नाम तय, घोषणा जल्द!

Bhopal : मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव ने विधानसभा चुनाव के लिए बनी कमेटियों के नामों पर सहमति दे दी। समितियों के नाम अंतिम सहमति के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पास भेजे गए हैं। उनकी सहमति के बाद इन्हें समितियों और उसके नामों की घोषणा की जाएगी।
यादव और वैष्णव ने हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और संगठन मंत्री हितानंद के साथ लम्बी बैठक की। इस बैठक से पहले चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय का जायजा लिया। उन्होंने वहां पार्टी का कामकाज देखा और लोगों से मुलाकात की।
इसके बाद बैठक शुरू हुई। इस दौरान नरेंद्र सिंह तोमर ने उन्हें कमेटियों के नाम बताएं। इसमें ज्यादातर नाम पुरानी कमेटियों के ही हैं। इसमें कुछ नए नाम जोड़े जाएंगे। इसके अलावा जिलों में भी चुनाव प्रभारी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए 64 से ज्यादा नाम छांट लिए गए हैं। ये जिला प्रभारी जिले की पूरी टीम को कोऑर्डिनेट करेंगे। इसके साथ ही वो भोपाल की टीम के साथ समन्वय बनाएंगे।

इनके हाथ में होगी पूरी कमान
भाजपा ने 7 जुलाई को भूपेंद्र सिंह यादव को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रभारी और अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी बनाया था। इसके बाद 15 जुलाई को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया। 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव में तोमर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। उस समय बीजेपी को मिली जीत का श्रेय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की जोड़ी को दिया जाता है।