MP News: मंत्रियों की परफारमेंस रिपोर्ट लेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, कामकाज को लेकर मंत्रियों की क्लास लगेगी

कुछ मंत्रियों की हो सकती है खिंचाई

679
MP News: मंत्रियों की परफारमेंस रिपोर्ट लेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, कामकाज को लेकर संगठन की क्लास लगेगी

भोपाल: पार्टी के आम कार्यकर्ता की अनदेखी का फीडबैक शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों के लिए परेशानी बन सकता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा  संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर मंत्रियों के परफार्मेंस पर एक जून को चर्चा करने वाले हैं। इस दौरान जिन मंत्रियों को लेकर जिलों से शिकायत हैं, उन्हें अपने काम में सुधार लाने की हिदायत भी दी जाएगी। छह माह के भीतर यह दूसरा अवसर होगा जब मंत्रियों के कामकाज को लेकर संगठन की क्लास लगेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक जून को भोपाल आएंगे। भोपाल आने के बाद वे प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक  करेंगे।  नड्डा  यहां संगठनात्मक मसलों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा व शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे। वैसे तो यह बैठक परिचयात्मक बैठक कही जा रही है लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कुछ मंत्रियों की खिंचाई भी हो सकती है।

इन मंत्रियों को प्रभार के जिलों में कार्यकर्ताओं से मुलाकात नहीं करने और अनदेखी की शिकायत पर वरिष्ठ नेतृत्व की क्लास का सामना करना पड़ सकता है। हर बूथ पर जीत हासिल करने के लिए  संगठन के साथ सरकार की भागीदारी को केंद्रीय नेतृत्व तवज्जो दे रहा  है।
इसीलिए उन बूथों पर भी खास फोकस  कर केंद्रीय नेतृत्व सांसदों, विधायकों को सक्रिय करने में जुटा है जहां पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है या कम वोट मिले हैं।

निकाय चुनाव बनेंगे सीधे संवाद का आधार
संगठन का मानना है कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव प्रदेश भर में भाजपा के लिए कमजोर कड़ी बताने का काम करेंगे। इसीलिए संगठन इन चुनावों को भी गंभीरता से लड़ने पर जोर दे रहा है। इन चुनावों के जरिये पार्टी गांव के लोगों से सीधे संवाद करने का काम करना चाहती है।  इसीलिए पंचायत चुनाव में सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन तक में निगाह रखने के निर्देश नेताओं को दिए जा रहे हैं।

छह हजार नेताओं कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
भोपाल में लाल परेड मैदान में होने वाली सभा में नड्डा प्रदेश के करीब  छह हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसमें मंडल स्तर के पदाधिकारियों को  बुलाया गया है। इस वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य रूप से संगठन की चुनावी तैयारियों पर ही नड्डा समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भावी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे।  इसके पहले प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी होगी जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी शामिल रहेंगे। नड्डा इसी दिन जबलपुर चले जाएंगे।