
MP News: कुएं में बाघ का शव मिला, विद्युत करंट से शिकार की पुष्टि
गणेश पांडे की रिपोर्ट
भोपाल। दक्षिण सिवनी सामान्य वनमण्डल अंतर्गत ग्राम चारगांव, तहसील सिवनी में एक बाघ का शव कुएं में मिला है। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि बाघ का शिकार विद्युत करंट के माध्यम से किया गया है तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में डाला गया। अब तक 26 टाइगरों की मौत हो चुकी है।
प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग के अधिकारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया गया। घटना स्थल सिवनी परिक्षेत्र के ऐरपा वृत्त अंतर्गत ऐरपा बीट के कक्ष क्रमांक-08 से लगभग 6-7 किलोमीटर दूरी पर राजस्व क्षेत्र में स्थित है। घटना स्थल पर नेशनल टाइगर कंजरवेशन अथॉरिटी (NTCA) के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यवाही की गई। श्वान दल की सहायता से क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया, जिसमें लगभग 50 मीटर के दायरे में विद्युत करंट से संबंधित साक्ष्य, जले हुए तार, खूँटी एवं अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई है। 27 अप्रैल 2026 को NTCA के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बाघ के शव का परीक्षण (पोस्टमार्टम) किया गया, जिसमें विद्युत करंट से मृत्यु की पुष्टि हुई। परीक्षण उपरांत निर्धारित प्रावधानों के तहत शवदाह की कार्यवाही संपन्न की गई।
वन संरक्षक सिवनी सुश्री संध्या एवं डीएफओ महेंद्र सिंह उईके के मार्गदर्शन में प्रकरण की जांच की जा रही है।संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
*10 हजार का इनाम की घोषणा*
वन विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी उपलब्ध हो तो विभाग को सूचित करें। उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने वाले को रूपये 10,000/- (दस हजार) का पारितोषिक प्रदान किया जाएगा तथा सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





