Murder : विवाद में देर रात पिगडंबर में भाजपा नेता के बेटे की हत्या

गुस्साए लोगों ने ट्रक जलाया, आरोपियों के अवैध निर्माण तोड़े गए

2135

Indore : बुधवार देर रात भाजपा पूर्व जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष उदलसिंह ठाकुर के बेटे सुजीत की कुछ लोगों ने आपसी विवाद में हत्या कर दी। इसके बाद उनके समर्थकों ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और एक ट्रक में आग लगा दी। पुलिसवालों और मीडियाकर्मी से भी मारपीट की। बढ़ते तनाव को देखते हुए रात को ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया। आज सुबह सभी प्रशासन ने सभी आरोपियों के बुलडोजर से घर ढहा दिए।

किशनगंज थाना क्षेत्र के गांव पिगडंबर में कल रात हुई घटना में युवक सुजीत ठाकुर की मृत्यु के बाद सात आरोपियों को चिन्हित कर उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई शुरू की गई। साथ ही हिंसा के इस घटना की छानबीन की जा रही हैl प्रारंभिक जांच के बाद लोकेश वर्मा, मलकेस वर्मा, मन्नू, कन्हैयालाल, रोहित बनवारी, भूरा सुंदर, दर्शन प्रकाश और राकेश डॉन को चिन्हित किया गया है l

दोपहर में पिगडंबर की एक कॉलोनी में बोरिंग को लेकर विवाद हुआ था। जिस प्लॉट पर बोरिंग हो रहा था, वह संगीता राजेश मेव के नाम पर है। इस विवाद में एक पक्ष महू से था। विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में लोग महू से आए और चाकूबाजी करने लगे। इस दौरान कुलदीप पंवार से मारपीट की गई। इसमें कुलदीप गंभीर घायल हो गया। इस दौरान सुजीत राऊ स्थित होटल से घर लौट रहा था, तभी उस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। झगड़े में घायल सुजीत की देर रात मौत हो गई। वह लॉ का विद्यार्थी था। इससे लोग भड़क गए और एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया। किशनगंज थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन इसका भी असर नहीं हुआ। एसडीएम पवन जैन ने जानकारी कलेक्टर समेत दूसरे अधिकारियों को दी। इंदौर से डीआईजी देहात चंद्रशेखर सोलंकी पुलिस बल के साथ महू पहुंचे। पुलिस ने भीड़ पर अश्रु गैस का गोला छोड़ा। इसके बाद लोग हटे और रात करीब सवा 11 बजे जाम खुल सका।

इस घटना के बाद किशनगंज से सोनवाय टोल तक करीब सात किमी का लम्बा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी के हालात रहे। अंधेरे का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और मारपीट भी की गई। एक ट्रक में आग भी लगा दी। घटना का वीडियो बना रहे लोगों के मोबाइल छीनकर फेंक दिए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी और जाम खुलवाया। घटना में पुलिसकर्मी व मीडियाकर्मी भी घायल हुए हैं।

कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि कहीं पर भी अपराधियों को बख्शा नहीं जाए। साफ़ चेतावनी दी है कि इंदौर जिले में अपराधियों और क़ानून हाथ में लेने की नापाक कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पुलिस बल के साथ गुर्जर खेड़ा में अपराधियों के अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई की गई। मौक़े पर मौजूद ADM पवन जैन ने बताया है कि कल रात हुई घटना में युवक सुजीत ठाकुर की मृत्यु के बाद सात आरोपियों को चिन्हित कर उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई की जा रही है