National Kishore Kumar Award to Dharmendra : धर्मेंद्र को ‘राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान’ से निवास पर सम्मानित किया गया!

सम्मान पाकर धर्मेंद्र अभिभूत, कहा कि मैं मध्यप्रदेश शासन और संस्कृति विभाग का कृतज्ञ हूँ!

516

National Kishore Kumar Award to Dharmendra : धर्मेंद्र को ‘राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान’ से निवास पर सम्मानित किया गया!

Mumbai : मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग ने शनिवार को फ़िल्म अभिनेता धर्मेंद्र को वर्ष-2022 के लिए मध्यप्रदेश शासन का यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। उत्कृष्टता और सृजन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की अपनी परम्परा का अनुसरण करते हुए सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा तथा गीत लेखन के लिए इस राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की स्थापना की गई है। संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव ने धर्मेंद्र को उनके मुंबई स्थित निवास पर 18 मई को इस राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान-2022 से विभूषित किया। धर्मेंद्र को यह सम्मान अभिनय के क्षेत्र में सतत सक्रियता, उत्कृष्ट सृजन, सुदीर्घ साधना तथा श्रेष्ठ प्रतिमानों के लिए प्रदान किया गया।

यह सम्मान पाकर धर्मेंद्र भाव-विभोर हो गए। उन्होंने कहा कि मैं कृतज्ञ मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग का कृतज्ञ हूँ कि उन्होंने किशोर कुमार जैसे महान व्यक्तित्व के नाम से स्थापित यह राष्ट्रीय सम्मान मुझे प्रदान किया। मैं शुक्रगुजार हूं अपने प्रशंसकों का, जिनका अनंत प्रेम मेरे साथ सदैव बना रहता है। मुझसे पहले जिन महान कलाकारों को यह सम्मान दिया जा चुका है उनमें कुछ मेरे गुरु के समान है, कुछ सम्मानीय हैं और कुछ मेरे साथी भी हैं। आज उनकी सूची में स्वयं का नाम देख प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा।

अपनी नैसर्गिक अभिनय प्रतिभा से भावाभिव्यक्ति का नया प्रतिमान गढ़ने वाले फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र अपने समकालीन फिल्म अभिनेताओं में एक विषिष्ट पहचान बनाने में सफल रहे हैं। अपनी विलक्षण मेधा से उन्होने सामाजिक परिवर्तन की सशक्त विधा के रूप में फिल्मों में नायक की ऐसी छवि गढ़ी, जिससे वे उस भारतीय युवा को प्रतिष्ठापित करने में सफल रहे जो परिवर्तन का पक्षधर सच्चरित्र, क्रांतिदृष्टा और धीरोदत्त नायक है।

 

अब तक जिन्हें राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान मिला

– हृषिकेश मुखर्जी (1997-98),

– नसीरुद्दीन शाह (1998-99),

– गुलजार (1999-00),

– कैफ़ी आजमी (2000-01)

– बीआर चोपड़ा (2001-02),

– अमिताभ बच्चन (2002-03),

– गोविन्द निहलानी (2003-04)

– जावेद अख्तर (2004-05)

– श्याम बेनेगल (2005-06)

– शत्रुघ्न सिन्हा (2006-07)

– मनोज कुमार (2007-08)

– गुलशन बावरा (2008-09)

– यश चोपड़ा (2009-10)

– देव आनन्द (2010-11)

– सलीम खान (2011-12)

– समीर (2012-13)

– सई परांजपे (2013-14)

– दिलीप कुमार (2014-15)

– रूमी जाफरी (2015-16)

– योगेश (2016-17)

– प्रियदर्शन (2017-18)

– वहीदा रहमान (2018)

– अशोक मिश्रा (2019)

– अमिताभ भट्टाचार्य (2020)

– विवेक रंजन अग्निहोत्री (2021)

– धर्मेन्द्र देओल (2022)