
जमीन विवाद में पड़ोसी ने महिला को छत से नीचे फेंका, दोनों घुटने टूटे
मध्यप्रदेश में मैहर के जरियारी गांव में महिला ममता पटेल और पड़ोसी रमेश पटेल की छत आपस में जुड़ी हैं। सुबह महिला छत पर काम कर रही थी तो आरोपी गालियां बकने लगा। महिला ने विरोध किया तो उसने पहले डंडे से हमला किया और फिर छत से फेंक दिया जिससे उसके दोनों घुटने टूट गए।
मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र अंतर्गत जरियारी गांव से एक वीडियो सामने आया है। यहां पुराने जमीनी विवाद को लेकर एक दबंग पड़ोसी ने घर की छत पर चढ़कर पहले महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर उसे बेरहमी से छत से नीचे धक्का दे दिया। मंगलवार सुबह इस पूरी वारदात का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
महिला ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित महिला ममता पटेल (35 वर्ष), पति राजेन्द्र प्रसाद पटेल, निवासी ग्राम जरियारी ने नादन थाने में आपबीती सुनाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि घटना 23 मई की सुबह करीब 6 बजे की है। वह रोज की तरह अपने घर की छत पर काम कर रही थी। चूंकि दोनों घरों की छतें आपस में जुड़ी हुई हैं, इसी का फायदा उठाकर पड़ोसी रमेश पटेल भी वहां पहुंच गया। जमीन बंटवारे की रंजिश को लेकर आरोपी रमेश अचानक तमतमा गया और महिला के साथ गंदी-गंदी गालियां देते हुए विवाद करने लगा।
जब ममता पटेल ने गालियों का विरोध किया तो आरोपी ने आव देखा न ताव, पास ही पड़े डंडे से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इतने से भी जब आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने महिला को छत से नीचे धक्का दे दिया। महिला सीधे सीढ़ियों और पत्थरों से होते हुए करीब 12-15 फीट नीचे जमीन पर जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में महिला के दोनों घुटने टूट गए हैं और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
छत से गिरते ही महिला दर्द से बुरी तरह चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर गांव के हनुमानदीन पटेल, प्रदीप पटेल और मदन पटेल तुरंत मौके पर भागे और बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई। नीचे मौजूद लोगों ने लहूलुहान हालत में महिला को उठाया और तत्काल अस्पताल भिजवाया।





