नवागत एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने संभाली कमान, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

42

नवागत एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने संभाली कमान, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

बड़वानी: बड़वानी में नवागत पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने पदभार ग्रहण करने के बाद सक्रियता दिखाते हुए प्रेस वार्ता, जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण तथा जिला अभिभाषक संघ से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागृह में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता में शामिल बताया। एसपी शुक्ल ने मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया के समन्वय से समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलती है।

इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, अनुशासन, स्वच्छता और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की गई। केंद्रीय पुलिस कैंटीन और दिशा (पुलिस) लर्निंग सेंटर का भी भ्रमण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अध्ययनरत अभ्यर्थियों से चर्चा कर उनकी तैयारियों और सुविधाओं की जानकारी ली तथा प्रशिक्षण वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में एसपी शुक्ल ने जिला न्यायालय पहुंचकर जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से मुलाकात की। बैठक में न्यायिक प्रक्रिया में समन्वय, कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और पुलिस-अधिवक्ता सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। उन्होंने पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग का आश्वासन देते हुए कहा कि जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखा जाएगा।

आकस्मिक निरीक्षण में एसपी ने दिए सख्त निर्देश
इससे पूर्व कल बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने सेंधवा ग्रामीण-शहर, बलसमूद चौकी, जुलवानिया, राजपुर और एसडीओपी कार्यालय सेंधवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। रिकॉर्ड रूम, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष व सीसीटीवी व्यवस्था की जांच कर अभिलेख संधारण और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। बलवा ड्रिल उपकरणों की कार्यशीलता परखी और रात्रि गश्त, बीट प्रणाली मजबूत करने, महिला अपराध व नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ अपनाने के निर्देश दिए। रमजान व रंगपंचमी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।