
पढ़ना जारी रखें
प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारा अभियान चला था ‘फिर एक बार मोदी सरकार’….अभी तक के जो रुझान आ रहे हैं, वो अपने आप में अत्यंत आनंददायी है। अभी रुझान आया है, चार तारीख को रिजल्ट भी आएगा। रुझान में मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटें आ रही है। साथ ही देशभर में एनडीए की सीतें 370 से ऊपर जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जो कहा था, वो करके दिखा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर कहा कि 4 जून के चुनाव परिणाम की झलक आज के एग्जिट पोल में दिख रही है। ‘एग्जिट पोल’ से भी बेहतर भाजपा के ‘एग्जेक्ट पोल’आयेंगे। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के परिश्रम और डबल इंजन की भाजपा सरकार के कार्यों के आधार पर हमें पूरा भरोसा है कि भाजपा प्रदेश की 29 सीटों पर प्रचंड विजय हासिल करेगी। मध्यप्रदेश सहित देशभर की जनता ने नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट किया है। भाजपा इस चुनाव में 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लक्ष्य को भी पूरा करने जा रही है। वहीं कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने ‘एग्जिट पोल्स’ का बहिष्कार किया है। उनके भरोसे की परीक्षा भी 4 जून को ही है। पर यह तस्वीर अब साफ हो रही है कि एनडीए गठबंधन का फिलहाल सत्ता से ‘एग्जिट’ नहीं है और दस साल के बाद ग्यारहवें साल भी ‘एंट्री’ बरकरार है…।