अब बेसब्री से हो रहा सूचियों का इंतजार…

अब बेसब्री से हो रहा सूचियों का इंतजार…

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 27 दिन बचे हैं, पर दो बड़े राजनैतिक दलों की सूचियों का इंतजार है। भारतीय जनता पार्टी की चार सूचियां जारी हो चुकी हैं, तो कांग्रेस ने इनके बाद एक सूची जारी कर ही लीड ले ली थी। कांग्रेस के 144 उम्मीदवार जीत की उम्मीद में सक्रिय हैं तो भाजपा के 136 उम्मीदवार दिन-रात एक कर जीत की लौ को लगातार तेज कर रहे हैं। बाकी सीटों पर दावेदारों को सूची और अपना नाम सूची में देखने का बेसब्री से इंतजार है। किसी भी पल सूची जारी हो सकती है। हो सकता है कि रात में ही सूची जारी हो और सुबह सूरज की किरणों संग बहुत सारे दावेदार निराशा के अंधेरे में डूबकर मातम मनाने को मजबूर हो जाएं‌। फिर एक ही चारा बचेगा कि कैसे अपनी महत्वाकांक्षा को पर लगाए जाएं। इसके साथ ही अपनी पार्टी से इस्तीफा देकर अपना नया आशियाना ढूंढने की मुहिम शुरू और विकल्पों के सागर में डुबकी लगाकर नई उम्मीद संग मतदाताओं के सामने खुद को नए कलेवर में पेश कर जीत के पहाड़ पर चढ़ने की चुनौती से रूबरू होना।
 मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव- 2023 लड़ने का मन बना चुके लोगों को अपना नाम निर्देशन पत्र यानी नामांकन फार्म भरने के लिए केवल छह दिन का समय मिलेगा। 21 अक्टूबर से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र जमा करने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 2 नवंबर तय है। इस बीच चार दिन शासकीय अवकाश है। रविवार 22 अक्टूबर, दशहरा 24 अक्टूबर, शनिवार 28 अक्टूबर एवं रविवार 29 अक्टूबर अवकाश है। ऐसे में अभ्यर्थियों को छह दिन नामांकन दाखिल करने को मिलेंगे। पूरी संभावना है कि 20 अक्टूबर को दोनों बड़े दलों की सूचियां आ ही जाएंगी। ताकि नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन स्थिति साफ हो जाए कि कौन से चेहरे ंंऐ2023 में अपनी-अपनी किस्मत आजमाने को आमने-सामने मैदान में होंगे। नामांकन दाखिल कराने में भी मुहूर्तों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।‌ किसकी राशि पर कौन सा दिन, तारीख और समय सही है। इसी के मुताबिक जीत की राह पर कदम बढ़ेंगे। कुछ दिन नामांकन फार्म दाखिल करने से मुहूर्त रोकेंगे, तो कुछ दिन छुट्टियां। ऐसे में राजनैतिक दलों की भी जिम्मेदारी है कि समय पर बाकी नामों की सूची जारी कर दें, ताकि चेहरें साफ हों और प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी कर सकें।
सपा, आम आदमी पार्टी और बसपा का भी इस विधानसभा चुनाव में क्रेज है।बसपा ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की छठी सूची 19 अक्टूबर की रात‌ जारी कर दी। रिटायर्ड डीआईजी महेश प्रसाद चौधरी भी प्रत्याशी बनाए गए हैं। और भी कई नौकरशाह अब भी कतार में होंगे। हो सकता है कि बड़े दलों की सूचियों में उनके नाम सामने नजर आएं। पर कुछ भी हो, अब सूचियों का बेसब्री से इंतजार मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव को है। ताकि दावेदारों की आंखों से पर्दा उठ सके और बाकी बची विधानसभा में प्रत्याशियों के चेहरे साफ हो जाएं…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।