
अब प्रदेश के कॉलेजों में भारतीय ज्ञान परंपरा से विद्यार्थियों को अवगत कराएगी सरकार
भोपाल: उच्च शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रदेश के सरकारी और निजी कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराए जाने के लिए इनसे जुड़ी गतिविधियों का आयोजन कराने के निर्देश कॉलेज प्राचार्यो, विश्वविद्यालय के कुल सचिव और मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के सचिव को निर्देशित किया है।
प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त निजी और अन्य निजी अशासकीय महाविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित गतिविधियों के संचालन के लिए अक्टूबर से दिसंबर तक होने वाली गतिविधियों का कैलेंडर जारी किया है। इन गतिविधियों का पालन कराने के लिए सभी संबंधितों को कहा गया है।
अक्टूबर माह में दस तारीख को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस है। इसको लेकर कॉलेजों में प्राचीन भारतीय परंपरा में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण अवधारणाओं पर आधारित विषय विशेषज्ञ द्वारा व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। वर्तमान संदर्भ में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की जाएगी। मनोचिकित्सक, मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता को आमंत्रित कर परामर्श सत्रों का आयोजन किय जाएगा। अगले महीने 26 नवंबर को भारतीय संविधान दिवस है। इसके लिए भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया जाएगा। भारतीय संविधान पर केन्द्र्रित प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन होगा। भारतीय संविधान के अंतर्गत मौलिक अधिकार विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं होगी।
दिसंबर मेें 22 दिसंबर को गणित दिवस है। इस दौरान पूरे महीने के दौरान कॉलेजों में गणित के क्षेत्र में भारतीय ज्ञान परंपरा का अवदान विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। वैदिक गणित विषय का वैशिष्ट्य विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्राचीन भारतीय गणितज्ञों के छायाचित्र, पुस्तकों की प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।
त्रैमासिक गतिविधियों के आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विभूतियों, विषय विशेषज्ञों, स्थानीय विद्वानों को की नोट स्पीकर के रुप में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए है। वीडियो के प्रदर्शन से पूर्व समिति गठित कर वीडियो का परीक्षण करवाकर वीडियो का प्रदर्शन किया जाएगा।





