

NTES Technology: भोपाल मंडल में 7 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नेक्स्ट जनरेशन तकनीक शुरू
भोपाल। भोपाल रेलवे और RKMP पर बने पूछताछ केंद्रों पर अब यात्रियों को सटीक जबाव मिलेगा। इसके लिए नेक्स्ट जनरेशन नेशनल ट्रेन एनक्वायरी सिस्टम (NTES) पोर्टल की मदद ली जा रही है। अब यात्रियों को न केवल तुरंत जानकारी मिल सकेगी, बल्कि पहले से अधिक सटीक, विस्तृत और रियल टाइम उत्तर भी दे पाएंगे।
भोपाल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि इस अत्याधुनिक पोर्टल के जरिए अब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी कोच पोजिशन, ट्रेन की वर्तमान स्थिति, संभावित विलंब, आगमन-प्रस्थान की वास्तविक टाइमिंग और अगले 8 घंटे में आने वाली ट्रेनों की पूरी जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध हो रही है। यह सारा डेटा रियल टाइम में अपडेट होता है, जिससे पूछताछ कर्मचारी बिना किसी देरी के हर सवाल का जवाब दे सकता है।
*0 जवाब के लिए नहीं करना होगा इंतजार*
इस तकनीक से सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ है कि अब यात्रियों को जवाब के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता, और स्टेशन पर भ्रम की स्थिति खत्म होती है। लेकिन इस बदलाव का मुख्य केंद्र बिंदु पूछताछ काउंटर का कर्मचारी है, जो अब इस सिस्टम के जरिए पहले से कहीं अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ सेवा दे पा रहा है।
*7 प्रमुख स्टेशनों में लागू*
यह सुविधा वर्तमान में भोपाल मंडल के 7 प्रमुख स्टेशनों भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, बीना, गुना, इटारसी एवं विदिशा पर क्रमश: लागू की जा रही है। यह कदम भारतीय रेलवे के डिजिटल परिवर्तन अभियान का हिस्सा है, जो न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ा रहा है, बल्कि फ्रंटलाइन रेलवे कर्मचारियों को तकनीक से लैस कर रहा है, ताकि वे और बेहतर सेवा दे सकें।