Omicron : दुनिया के 59 देशों में पहुंच गया कोरोना का नया वेरिएंट

अब तक छह राज्यों में Omicron Variant के 38 मामलों का पता चला

459
Omicron Variant

New Delhi : पांच राज्यों में ओमिक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variant) के 38 मामले सामने आए हैं। लेकिन,कोई भी मरीज गंभीर स्थिति में नहीं है। जबकि, दुनिया के 59 देशों में ये वायरस पहुंच गया। कुछ दिन पहले ये वेरिएंट सिर्फ 2 देशों तक सीमित था। देश में आधे से अधिक वयस्क आबादी को अब पूरी तरह से टीका लगाया जा चुका है. लगभग 53.5% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी लव अग्रवाल ने भारत में ओमिक्रॉन के मामले पाए जाने पर इस मुद्दे को लेकर बताया कि महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, केरल और दिल्ली में कुल 38 मामलों का पता चला है। सभी रोगियों में हल्के लक्षण पाए गए।

24 नवंबर तक केवल दो देशों ने ओमिक्रॉन के मामले दर्ज किए गए थे। अब 59 देशों ने कुल 2,936 ओमिक्रॉन मामले दर्ज किए हैं। इसके अलावा 78, 054 संभावित मामले हैं, जहां वेरिएंट की पहचान के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग चल रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि ओमिक्रॉन पर ध्यान देने के साथ भारत में कोविड पर नजर रखने के लिए नियमित बैठक आयोजित की जा रही हैं। जहां पॉजिटिविटी रेट 5% से अधिक है, वहां जिला स्तर पर प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।

देश में कोविड की स्थिति के बारे में, अग्रवाल ने कहा कि देश में कुल कोविड पॉजिटिविटी रेट 0.73% दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार, दो राज्यों केरल और महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय कोविड मामले हैं। केरल में 43% से अधिक सक्रिय मामले हैं, जबकि महाराष्ट्र में 10% से अधिक मामले हैं। देश के 19 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 5% से 10% के बीच है और 8 जिलों में 10% से अधिक कोविड पॉजिटिविटी रेट है।