
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर मंत्री से लेकर सभी भाजपा नेता उतरेंगे मैदान में
भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के पदाधिकारियों को जनता के बीच में उतरना होगा। भाजपा अपने स्थापना दिवस (6 अप्रैल) पर 7 से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भी विशेष कार्यक्रमों की घोषणा की गई है।
केंद्रीय संगठन के प्रदेश भाजपा को भी इस संबंध में निर्देश आ चुके हैं। जिसमें तहत सभी नेताओं को जमीन पर उतर कर बस्ती और गांवों में जाना ही होगा। ऐसा माना जा रहा है कि इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस कार्यक्रम में किसी बस्ती और गांव में जा सकते हैं।
केंद्रीय संगठन से आए निर्देश के अनुसार पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि अनिवार्य रूप से अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों और बस्तियों का दौरा करेंगे। इस दौरान नेता न केवल लोगों की समस्याएं सुनेंगे, बल्कि भाजपा की विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा करेंगे।
नितिन नवीन ने निर्देश दिया है कि 5, 6 और 7 अप्रैल को प्रदेश भाजपा कार्यालयों को भव्य रूप से सजाया जाए। स्थापना दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है, ताकि पार्टी की गौरवशाली यात्रा का संदेश हर कार्यकर्ता तक पहुंच सके।
जिला स्तर पर जुटेंगे सक्रिय सदस्य
जिलों में 8 और 9 अप्रैल की तारीखें बेहद अहम होंगी। इन दो दिनों में प्रत्येक जिले में सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के जरिए भाजपा अपने जमीनी नेटवर्क को मजबूत करेगी और सक्रिय सदस्यों को आगामी चुनौतियों के संबंध में बताया जाएगा। इस दौरान कार्यालयों से यात्राएं भी निकाली जाएगी, जो विभिन्न बस्तियों और गांवों में जाएंगी।
*संगठन और संवाद पर जोर*
नितिन नवीन के इन निदेर्शों से स्पष्ट है कि बीजेपी अब पूरी तरह से इलेक्शन मोड में आ चुकी है। 5 अप्रैल से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रही है-पहला संगठन का उत्सव, दूसरा सक्रिय सदस्यों का समन्वय और तीसरा आम जनता से सीधा संवाद।





