
बागेश्वर धाम जा रही ओवरलोड ई-रिक्शा खाई में पलटी, महिला श्रद्धालु की मौत, एक दर्जन घायल
छतरपुर: जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईशानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे श्रद्धालु ई-रिक्शा टैक्सी से बागेश्वर धाम जा रहे थे। इसी दौरान भेलसी के पास श्रद्धालुओं से भरी ओवरलोड ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
*रेलवे स्टेशन से बागेश्वर धाम जा रहे थे श्रद्धालु..*
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु ट्रेन से ईशानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और वहां से ई-रिक्शा टैक्सी के माध्यम से बागेश्वर धाम जा रहे थे। रास्ते में भेलसी के समीप वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे ई-रिक्शा सड़क किनारे खाई में जा पलटी।
*मौके पर मची चीख-पुकार, राहत कार्य शुरू..*
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
*एक महिला की मौत, कई घायलों की हालत गंभीर..*
दुर्घटना में एक अधेड़ महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
*ओवरलोडिंग पर फिर खड़े हुए सवाल..*
हादसे के बाद बागेश्वर धाम मार्ग पर संचालित वाहनों की ओवरलोडिंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच कई वाहन क्षमता से अधिक सवारियां लेकर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने पूर्व में टैक्सी यूनियन के साथ बैठक कर यात्री सुरक्षा, निर्धारित किराया और ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने का आह्वान किया था। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
*पुलिस ने शुरू की जांच..*
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां होने के पहलू की भी जांच की जा रही है।
*डॉक्टर ने बताया..*
“हादसे में घायल श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल लाया गया है। सभी का उपचार किया जा रहा है, कुछ मरीजों की स्थिति गंभीर है।”
-डॉ. रवि सोनी, चिकित्सक





