WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Own E-Portal : इंदौर नगर निगम का अब खुद का ई-पोर्टल होगा, शासन से मंजूरी मिली!

इससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और राजस्व वसूली कार्य सुगम होगा!

380

Own E-Portal : इंदौर नगर निगम का अब खुद का ई-पोर्टल होगा, शासन से मंजूरी मिली!

Indore : नगर निगम इंदौर को एक बड़ी सफलता मिली है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त शिवम वर्मा एवं सूचना प्रौद्योगिकी प्रभारी राजेश उदावत के निरंतर प्रयासों से शासन ने नगर निगम ल को अपना स्वयं का ई-पोर्टल बनाने की मंजूरी दी है। यह निर्णय नगर निगम इंदौर की राजस्व वसूली को सुगम बनाने और नागरिकों को हो रही समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से लिया गया। निगम का ई-पोर्टल आधुनिक होकर वर्तमान समय में अधिक से अधिक नागरिकों को सुविधा प्राप्त हो सके इस दृष्टि से बनाया जाएगा।

शासन का ई-नगर पालिका पोर्टल लंबे समय से तकनीकी दिक्कतों से जूझ रहा था। इससे न केवल राजस्व वसूली प्रभावित हो रही थी, बल्कि नागरिकों को भी कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ई-नगर पालिका के कारण नगर निगम के कर्मचारियों को वेतन का भुगतान भी समय पर नहीं हो पा रहा था। पोर्टल के बार-बार बंद होने और तकनीकी खामियों के कारण नगर निगम की सेवाओं को समय पर प्राप्त करना नागरिकों के लिए भी चुनौती बन गया था।

महापौर ने कहा कि निगम का यह पोर्टल नागरिकों को सुविधाएं प्रदान करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।साथ ही ये हमारी राजस्व वसूली की प्रक्रिया को भी सरल और सशक्त बनाएगा। इंदौर को महानगर बनाने में एक और सुविधा निगम को प्राप्त हुई है। निगम का स्वयं का पोर्टल होने पर निगम का स्वयं का कंट्रोल होगा। निगम शहर के नागरिकों को ई-पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक सुविधा प्रदान कर सकेगा।

आयुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि नए ई-पोर्टल के माध्यम से नगर निगम की सभी सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा। इससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और नागरिकों को त्वरित और प्रभावी समाधान प्राप्त होंगे। इस पहल के साथ, इंदौर नगर निगम अब अपने नागरिकों को और भी बेहतर और सुगम सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगा, जिससे शहर के समग्र विकास में योगदान मिलेगा और निगम को अपने सभी काम समय पर करने में आसानी और सुविधा होगी।