
Peaceful Flag March : त्यौहारों पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पुलिस ने किया फ्लैग-मार्च!
Ratlam : आगामी त्योहारों होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिले-भर में रतलाम पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। SP अमित कुमार के निर्देश पर रतलाम शहर में व्यापक फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। फ्लैग मार्च की शुरुआत कालिका माता मंदिर पुलिस चौकी से की गई जो शहर के मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल द्वारा आमजनों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने एवं असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का उद्देश्य रहा।

पुलिस अधिकारियों द्वारा मार्ग में नागरिकों से संवाद कर त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, शहर के समस्त थाना प्रभारी एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा, पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट अथवा कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रतलाम पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा त्योहारों को भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाए!






