PM Narendra Modi के जन्मदिन पर प्रदेश भर में पौधरोपण, वैक्सीनेशन महाभियान

546

भोपाल| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को प्रदेश भर में सरकार और भाजपा संगठन की ओर से पौधरोपण और वैक्सीनेशन महाभियान की शुरुआत की गई। मुख्य कार्यक्रम राजधानी के स्मार्ट पार्क में हुआ जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ एक साथ 75 पौधे रोपे। साथ ही कोरोना से मुक्ति के लिए वैक्सीनेशन महाभियान शुरू करने की जानकारी दी।

उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जबलपुर में सुप्तेश्वर मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने के बाद कटनी में पौधरोपण किया। प्रदेश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से पौधरोपण और वैक्सीनेशन के कार्यक्रम में हिस्सा लिया गया।

राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम चौहान ने कहा कि आज पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश के 75 हजार स्कूलों में कम से कम एक पौधा रोपा जा रहा है। साथ ही उसकी सुरक्षा का भी इंतजाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे रोज एक पौधा रोपते हैं और आज इस अभियान को 211 दिन हो गए हैं।

प्रदेश में आज 100 स्थानों पर रुद्राक्ष का एक पौधा रोपा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि आजादी का 75 महोत्सव वर्ष शुरू हो गया है, इसलिए पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ आजादी के महोत्सव को ध्यान में रखते हुए एक साथ 75 पौधे रोपे गए हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने प्रसिद्धि के लिए कभी कोई काम नहीं किया। आज से प्रदेश में जनकल्याण और सुराज अभियान चलेगा। इस दौरान जनता की सेवा से जुड़े मसलों पर काम करने के साथ यह चेक करेंगे कि योजना के क्रियान्वयन में कोई कोताही तो नहीं है। कोई हितग्राही पात्रता के बावजूद लाभ से वंचित तो नहीं है?

सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास वाली पीएम मोदी की नीति से प्रदेश के विकास को तेजी देने का काम किया जाएगा। सीएम चौहान बाद में राजधानी के सरोजनी नायडू वैक्सीनेशन सेंटर भी पहुंचे और लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया।

हनुमान चालीसा पाठ किया, मैराथन को दिखाई हरी झंडी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने जबलपुर के सुप्तेश्वर मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु के लिए हनुमान चालीसा पाठ में हिस्सा लिया। इसके पहले दोनों ही नेताओं ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारी गोंडवाना राज्य के बलिदानी राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के पूर्व वीरांगना दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इंदौर में अग्निहोत्र यज्ञ में शामिल हुए मंत्री नरोत्तम

गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को इंदौर में मल्हार आश्रम में आयोजित अग्निहोत्र यज्ञ में शामिल होकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए आहुति दी। वे पौधरोपण कार्यक्रम में भी पार्टी नेताओं सुदर्शन गुप्ता व अन्य नेताओं के साथ शामिल हुए। वे आर्य समाज मंदिर में भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मिश्रा ने इंदौर में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से भी मुलाकात की।