PM Modi in MP for the third time within 8 days: PM मोदी ने पिपरिया में इंडी गठबंधन और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए

मोदी ने कहा - कांग्रेस का शाही परिवार दे रहा धमकी,मोदी PM बना तो आग लग जाएगी देश में,आग इनके दिल में लगी है, अब कांग्रेस का शहजादा एक झटके में देश की गरीबी दूर कर देने की घोषणा कर बना हंसी का पात्र,नर्मदापुरम जिले के कृषकों को पांच साल में मिलेगी 2000 करोड़ की PM किसान सम्मान निधि   

2031

PM Modi in MP for the third time within 8 days: PM मोदी ने पिपरिया में इंडी गठबंधन और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए

 

संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की खास रपट

पिपरिया,नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को मध्यप्रदेश के  पिपरिया पहुंच कर इंडी गठबंधन और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।उन्होंने यहां एक बड़ी जन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में मप्र ने पूरे देश को चौंका दिया था। होशगाबाद से जो लहर उठी, वो पूरे देश में फैल गई थी।

श्री मोदी ने गांधी परिवार पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार अब धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। बस देश को डराओ, घबराओ, आग फैलाओ। आज देश में आग नहीं लगी। यह जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वह उनको अंदर से जलाती जा रही है।

IMG 20240414 WA0041

ज्ञात रहे कि आज प्रधानमंत्री मोदी तय समय से दो घंटे विलंब से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी के लिए चुनावी सभा करने आए थे। श्री मोदी 8 दिन के भीतर तीसरी बार आज मध्यप्रदेश पहुंचे। उनके साथ मंच पर मुख्यमंत्री मोहन यादव,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा सहित प्रत्याशी दर्शनसिंह चौधरी,छिंदवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी बंटी साहू सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता और लोकसभा क्षेत्र के सभी विधायक भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि जहां दूसरों से उम्मीद खत्म हो, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि एकलव्य मॉडल स्कूलों की संख्या 750 तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। पिछड़ी जन जातियों के लिए 24000 करोड़ रुपए की पीएम जन मन योजना पर पहले से ही काम चल रहा है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में इसे भी पूरा किया जाएगा। इंडी गठबंधन की जैसी घातक सोच, वैसा ही घातक इनका घोषणा पत्र है।

IMG 20240414 WA0044

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप INDI गठबंधन की स्थिति देखिए।घोषणा पत्र एक जिम्मेवारी होती है, देश की जनता के लिए प्रतिबद्धता होती है। पर उनकी सरकार क्या करना चाहती है, कैसे करना चाहती है, ये भी उनकी बातों में कहीं नजर नहीं आता है। उनके घोषणापत्र में एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं। उनके एक साथी का घोषणापत्र तो यह कहता है कि देश से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। कोई देश ऐसा सोचेगा क्या? क्या ये देश की भलाई सोच सकते हैं? जैसी घातक इनकी सोच है, वैसा ही घातक उनका घोषणा पत्र है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी के रूप में आपके सामने है। गांव हो या शहर, सरकार हर गरीब का पक्के घर का सपना पूरा करेगी। ये मोदी की गारंटी है। मोदी बोले कि- हमने 3 करोड़ घर बनाने का संकल्प लिया आने वाले समय में 3 करोड़ घर बनाने का हमने संकल्प लिया है। दिव्यांगों को भी इसका लाभ मिलेगा। यहां होशंगाबाद के किसानों को भी करीब 400 करोड़ रुपए किसान सम्मान निधि के मिले हैं। आने वाले 5 साल में ये पीएम किसान सम्मान निधि चालू रहेगी। करीब 2000 करोड़ रुपए यहां के किसानों के पास आएंगे। गरीबों को मुफ्त राशन ऐसे ही पांच साल तक मिलता रहेगा। 5 लाख तक का मुफ्त इलाज भी जारी रहेगा। यह भी मोदी की गारंटी है।

IMG 20240414 WA0040

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। फिर वे सामने बैठे लोगों से पूछते हैं,ये 2014 में भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या? ये 2019 में भी यही बोलते थे। कभी आग लगी क्या?आग देश में तो नहीं लगी। पर हां आग, जलन उनके दिलों में लगी है। ये जलन उनके दिल और दिमाग में इस कदर भरी पड़ी है कि उनको अंदर से जलाती जा रही है। यह जलन भी मोदी के कारण नहीं है। यह जलन 140 करोड़ देशवासियों के मोदी के प्रति प्रेम के कारण है। वो यह प्रेम भी सहन नहीं कर पा रहे हैं।

मोदी बोले कि कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा और स्वयं का ही महिमामंडन कराया। कांग्रेस की माने तो तब लोकतंत्र सही चल रहा था। जब गरीबों का भला होने लगा तो कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि मोदी आया है, लोकतंत्र को खतरा है। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए मोदी बोले- शाही जादूगर इतने वर्षों तक कहां छिपा था। कांग्रेस के शहजादे ने घोषणा की है कि एक झटके में देश की गरीबी हटा दूंगा। आखिर यह शाही जादूगर इतने वर्षों तक कहां छिपा था? 50 साल पहले इनकी दादी ने देश से गरीबी हटाने की घोषणा की थी। 2014 से पहले 10 साल तक इन्होंने रिमोट से सरकार चलाई। अब इनको एक झटके वाला मंत्र मिल गया है। ऐसे दावे करते हैं और हंसी के पात्र बन जाते हैं।

IMG 20240414 WA0043

श्री मोदी ने कहा कि एकलव्य मॉडल स्कूलों की संख्या 750 तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। पिछड़ी जनजातियों के लिए 24000 करोड़ रुपए की पीएम जनमन योजना पर पहले से ही काम चल रहा है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में इसे भी पूरा किया जाएगा। मोदी की गारंटी वहां से शुरू होती है, जहां दूसरों से उम्मीद खत्म हो जाती है। पीएम बोले- कांग्रेस ने बाबा साहब को अपमानित किया। आज संविधान निर्माता बाबा साहब आंबेडकर की जयंती है। उनकी जन्मस्थली महू यहां से ज्यादा दूर नहीं है। कांग्रेस ने बाबा साहब को हमेशा अपमानित किया।

IMG 20240414 WA0056

मोदी बोले- इतनी धूप में आप बड़ी संख्या में आशीर्वाद देने आए हैं। मुझे बताया गया था कि कल यहां तेज बारिश हुई थी, पता नहीं कार्यक्रम हो पाएगा या नहीं। लेकिन आपके प्यार ने इसे सफल बना दिया। इससे पहले भाजपा के अन्य नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा बोले- कीचड़ हो या धूप, आज इतिहास रच दें। उन्होंने कहा, कीचड़ हो, धूप हो या बारिश हो। आप प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वागत के लिए खड़े होकर रिकॉर्ड बना दें। आज इतिहास रचने का दिन है। पी एम के पूर्व मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बहुत संक्षिप्त भाषण देते हुए स्वयं ही श्री मोदी को संबोधन के लिए आमंत्रित कर दिया,जिस पर श्री मोदी ने उनको धन्यवाद देते हुए कहा कि आज ही मुझे दूरस्थ दक्षिण राज्यों में भी पहुंचना है। प्रारंभ में श्री मोदी का स्वागत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया तो वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल ने श्री मोदी को राम मंदिर अयोध्या की प्रतिकृति भेंट की। श्री मोदी ने अपने भाषण के प्रारंभ में तीन बार सभी से नर्मदा मैया की जय के जयकारे लगवाए। संचालन परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने और आभार प्रदर्शन जिला भाजपा अध्यक्ष माधव अग्रवाल ने किया। आज की जनसभा में ही सिवनी मालवा के पूर्व कांग्रेस विधायक ओम रघुवंशी ने भाजपा ज्वाइन कर ली।