Attempt to Convert : लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे अमेरिकी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया!

देखिए VDO : एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने इस बारे में क्या जानकारी दी!

263

Attempt to Convert : लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे अमेरिकी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया!

Indore : मल्हार मेगा मॉल में धर्मांतरण को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोगों ने 8 विदेशी नागरिकों को घेर लिया और धर्मांतरण का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उन्हें विजयनगर थाने ले गए। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद कुछ अन्य जानकारियां भी सामने आईं, जिसकी जांच की जा रही है।

बताया गया कि हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मानसिंह राजावत, लक्की बाहुबली, कुलदीप सिंह और अन्य लोग मॉल में पहुंचे थे। वहां उन्हें 8 विदेशी नागरिक और राऊ क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति दिखाई दिया। इन लोगों के साथ श्याम वर्मा नामक व्यक्ति भी मौजूद था। आरोप है कि ये लोग श्याम वर्मा को हिंदू से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। जब मानसिंह राजावत और उनके साथियों ने श्याम से बातचीत की, तो उसने शुरुआत में बताया कि वे मॉल घूमने आए थे।

बताया गया कि लसूड़िया निवासी राजेश पटेल ने बताया कि वह अपने साथी श्याम वर्मा के साथ मॉल गया था। फूड कोर्ट के पास उनकी मुलाकात ट्रेजर फैंटेसी निवासी स्टीफन विजुपाल से हुई। बातचीत के दौरान स्टीफन ने उनका नाम, पता, पारिवारिक जानकारी और मोबाइल नंबर लिया।

राजेश के अनुसार, बातचीत के दौरान स्टीफन ने हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उसने कहा कि हिंदू धर्म में कई पाखंड हैं, देवी-देवताओं की संख्या करोड़ों में है। लेकिन, वे किसी की मदद नहीं कर सकते। उसने हिंदू देवताओं के बारे में अपमानजनक बातें कीं, जिन्हें सुनकर राजेश और उनके साथी आहत हुए। स्टीफन ने ईसाई धर्म को श्रेष्ठ बताते हुए कहा कि सभी मनुष्य आदम और हव्वा की संतान हैं और वहां कोई जात-पात नहीं है। उसने यह भी कहा कि मनुष्यों के पाप केवल यीशु मसीह को मानने से ही दूर हो सकते हैं।

राजेश ने आरोप लगाया कि स्टीफन लगातार हिंदू धर्म की आलोचना करता रहा और उन्हें ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डालता रहा। जब राजेश और उनके साथी ने आपत्ति जताई, तो स्टीफन ने उन्हें लालच देना शुरू किया। उसने कहा कि यदि वे ईसाई धर्म अपना लेंगे तो उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार के इलाज का खर्च एक संस्था द्वारा उठाया जाएगा। साथ ही धर्म परिवर्तन करने पर 10 हजार रुपए भी दिए जाएंगे। जब राजेश ने स्टीफन के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो उसने 20 हजार रुपए और सुविधाएं देने का प्रस्ताव दिया। एक बोतल में चर्च का ‘पवित्र जल’ बताकर उसे पीने को कहा, जिससे ईसाई बनने की बात कही। मना करने पर स्टीफन ने उन्हें झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने धर्मांतरण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया

एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने बताया कि विजय नगर थाना क्षेत्र के मल्हार मेेगा मॉल में अमेरिकन सिटीजन द्वारा लोगों को धर्मांतरण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। हिन्दू धर्म के लोगों को कहा जा रहा था कि हिन्दू समाज से अच्छा ईसाई समाज है। विजय नगर पुलिस ने धर्मांतरण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

मामला इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र के मल्हार मेगा मॉल का है जहां अमेरिका का रहने वाला स्टीफन नामक व्यक्ति द्वारा राऊ क्षेत्र में रहने वाले राजेश पटेल को धर्मांतरण करने के लिए कहा जा रहा था। स्टीफन द्वारा राजेश पटेल को कहा जा रहा था कि हिन्दू देवी देवताओं और हिन्दू समाज से अच्छा क्रिश्चन समाज है स्टीफन द्वारा राजेश पटेल पर जबरन दबाव बनाया जा रहा था, जिस पर राजेश पटेल द्वारा विजय नगर पुलिस में धर्मानतरण अधिनियम के धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी स्टीफन को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

होटल में मिली धार्मिक पुस्तकें          

पुलिस ने एक होटल की तलाशी ली जहां स्टीफन और अन्य विदेशी नागरिक रुके थे। वहां भी उनके पास से बाइबल और अन्य प्रचार सामग्री मिली विजयनगर पुलिस यहां से सभी को थाने लेकर आ गई। विदेशी नागरिकों को यहां उनके बयान लेने के बाद छोड़ दिया गया। वहीं पुलिस ने स्टीफन को इस मामले में आरोपी बनाया है।