पुलिस ध्यान रखे निर्दोष के साथ अन्याय न हो- राज्यपाल मंगूभाई पटेल, पुलिस स्मृति दिवस परेड में जवानों को दी श्रद्धाजंलि

438

भोपाल:प्रदेश में पिछले एक वर्ष में वीरगति को प्राप्त हुए जवानों और अफसरों को पुलिस स्मृति दिवस पर याद किया गया। वीरगति को प्राप्त जवानों और अफसरों को इस मौके पर आयोजित परेड में सलामी दी गई। इस आयोजन पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल सहित गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस, डीजीपी विवेक जौहरी, एसीएस होम राजेश राजौरा सहित अन्य अफसर मौजूद थे।

राज्यपाल ने पुलिस को संबांधित करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। कोरोना महामारी में पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। देश और प्रदेश के कई पुलिस अफसरों और जवानों ने आहूति दी। प्रदेश सरकार और समाज उनके साथ हैं। वीरगति को प्राप्त पुलिसकर्मियों और अफसरों ने समाज में शांति और सदभाव कायम रखने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। पुलिस की सक्रिय भूमिका के बिना प्रदेश का विकास संभव नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का मजबूत बनाने के लिए सराहनीय प्रयास किए जा रहे है। इन प्रयासों की बेहतरी के लिए लगातार काम करना होगा। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश पुलिस को देश के सर्वश्रेष्ठ बलों में की जाती है।
ये हुए वीरगति को प्राप्त

उपनिरीक्षक चंदन लाल उईके, शरद अग्रवाल, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र शर्मा, रमेश मेहरा, श्याम लाल डेहरिया, प्रधान आरक्षक राम प्रकाश, सतेंद्र अग्निहोत्री, कलू तिवारी, दिनेश चंद्र शर्मा, भरत लाल चौहान, गोवर्धन सोलंकी, आरक्षक दीपक राजुरकर, राज कुमार यादव, सुरेश मुडिया और राजेश कुमार राजपूत वीरगति को प्राप्त हुए।

मृत बताने पर परिजनों ने जताया रोष
पुलिस स्मृति दिवस परेड के आयोजन को लेकर पुलिस मुख्यालय और एसएएफ के बीच हुए पत्राचार में इन पुलिसकर्मियों को मृत बताए जाने पर पुलिसकर्मियों के परिजनों ने रोष जताया है। मीडिया से चर्चा में पुलिसकर्मियों के परिजनों ने कहा कि यहां पर शहीद बताया जा रहा है लेकिन पुलिस मुख्यालय अपने पत्रों में मृत बता रहा है। यह ठीक नहीं है, पत्राचार में भी शहीद लिखा जाना चाहिए था।