सवा सौ किलोमीटर की दूरी पर चलेंगे सियासी तीर…

priyanka-gandhi
priyanka-gandhi

सवा सौ किलोमीटर की दूरी पर चलेंगे सियासी तीर…

मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ की आबादी की नजरें आज यानि 12 जून 2023 को महाकौशल पर केंद्रित रहेंगीं। संस्कारधानी जबलपुर और विजयराघवगढ़ यानि करीब सवा सौ किलोमीटर की दूरी पर भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता एक-दूसरे पर सियासी तीर चलाएंगे। कांग्रेस के लिए यह दिन सर्वाधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि विधानसभा चुनाव 2023 का शंखनाद करने पार्टी का प्रमुख चेहरा प्रियंका गांधी जबलपुर पहुंचकर आमसभा को संबोधित करेंगी और भाजपा सरकार पर सियासी तीर चलाते हुए जनता का दिल जीतने के लिए कांग्रेस की रणनीति का खुलासा भी करेंगी। तो भाजपा सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान 10 जून 2023 को ही जबलपुर में मेगा शो कर आधी आबादी यानि सवा करोड़ लाड़ली बहनों का दिल जीतने का महत्वपूर्ण कदम बढ़ा चुके हैं। यह भरोसा दिला चुके हैं कि एक-एक हजार से शुरू कर लाड़ली बहनों को तीन-तीन हजार रुपए प्रति माह देने तक का फर्ज भैया शिवराज पूरा करेंगे। और एक दिन बाद ही 11 जून 2023 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी शिवराज ने जो बंपर सौगातें दीं हैं, उनकी कल्पना तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी नहीं की होगी। और यह बात भी तय है कि 12 जून 2023 को जब कांग्रेस जबलपुर से लोकलुभावन घोषणाएं कर रही होगी, तब करीब सवा सौ किलोमीटर की दूरी पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान फिर कोई मास्टर स्ट्रोक चल मध्यप्रदेश के मतदाताओं का दिल जीतने का मौका नहीं छोड़ेंगे।

 

विजयराघवगढ़ में भाजपा संगठन के मुखिया भी कांग्रेस को घायल करने का काम करेंगे तो जबलपुर में कांग्रेस संगठन के मुखिया कमलनाथ भी सरकार पर तंज कसेंगे। दोनों ही जगह हिंदुत्व की धारा बहेगी। विजयराघवगढ़ हिंदू धर्म-संस्कृतिमय ही रहेगा, तो जबलपुर में नर्मदा पूजन और हनुमान की गदा संग हिंदुत्व का संदेश दिया जाएगा। अब मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का मैदान पूरी तरह से सज चुका है। सभी का लक्ष्य मतदाताओं का दिल जीतकर उनके मन पर अपनी अमिट छवि अंकित करना ही है। जून का महीना इसमें खास बनने वाला है। खास इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मतदाताओं को हरसंभव सौगात देंगे, जो संभव हो सकती हैं। लाड़ली बहना और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 जून को राजगढ़ में होने वाले किसान-कल्याण महाकुंभ में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की विशेष उपस्थिति में मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की लगभग 1400 करोड़ और किसानों के ऋण ब्याज माफी की 2200 करोड़ रूपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 2900 करोड़ रूपए के दावों के भुगतान का भी अंतरण किया जाएगा। अलग-अलग दिन सौगातों का यह सिलसिला अलग-अलग समाज-वर्ग के हितों को पूरा करने वाला साबित हो सकता है। तो कांग्रेस के हिस्से में फिलहाल भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मतदाताओं को भविष्य के सपने दिखाने का काम ही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मांग की है कि प्रियंका गांधी कांग्रेस नेताओं के महिला विरोधी दृष्टिकोण के लिए माफी मांगें। प्रियंका गांधी जनता को बताएं कि महिलाओं को आयटम और टंच माल कहने वाले कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के प्रति उनका क्या दृष्टिकोण है ? और लाड़ली बहना योजना के लिए प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश सरकार को धन्यवाद दें। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को साष्टांग होकर प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। माफी अपनी ही पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री उमंग सिंगार के महिला उत्पीड़न के उस कृत्य के लिए मांगनी चाहिए, जिसके बाद वह महिला आत्माहत्या करने पर विवश हो गई थी। प्रियंका गांधी को माफी मांगनी चाहिए कि कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल के व्यभिचार और दुराचार के लिए जिसे कमलनाथ शह देते रहे। प्रियंका गांधी को कमलनाथ जो एक महिला को ’आइटम’ और दिग्विजय सिंह ’टंच माल’ बुलाते हैं, उसके लिए माफी मांगनी चाहिए। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने लाड़ली बहना योजना पर तंज कसा है।

तो 12 जून पूरे मध्यप्रदेश की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है। बीजेपी के बड़े चेहरे साधु-संतों की मौजूदगी में बड़े धार्मिक कार्यों के लिए कटनी जिले के विजयराघवगढ़ में जुटेंगे। वहीं एमपी कांग्रेस की ओर से चुनावी शंखनाद करने महासचिव प्रियंका गांधी कांग्रेस दिग्गजों संग पड़ोसी जिले जबलपुर में मौजूद रहेंगी। विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक अपनी विधानसभा में श्रीहरि हर तीर्थ बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। जहां एक साथ कई देवी-देवताओं के मंदिर और प्रतिमा स्थापित होंगे, जिसमें सबसे बड़ी भगवान परशुराम जी की अष्टधातु की 108 फीट की मूर्ति स्थापित होगी। पूरे कार्यक्रम में शामिल होने नेता, अभिनेता सहित साधु-संत ग्राम बंजारी स्थित राजा पहाड़ पहुंचेंगे। इस दौरान प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा, भूपेंद्र सिंह, आशुतोष राणा, स्वामी रामभद्राचार्य, स्वामी अवधेशानंद गिरि, जगद्गुरु शंकराचार्य और श्री श्री रविशंकर सहित कई जानी मानी हस्तियां शामिल रहेंगी। वहीं कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में प्रियंका गांधी गोल बाजार में रोड शो के साथ आमसभा को संबोधित करेंगी। 12 जून की यह तारीख मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के इतिहास में दर्ज तारीखों में प्रमुख रहेगी, जहां सवा सौ किलोमीटर की दूरी पर सियासी तीर चलेंगे और इन पर पूरे प्रदेश के मतदाताओं की नजर रहेगी…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।