Political Mahabharata : ‘रामायण’ कांफ्रेंस में महाभारत, मंत्री के नहीं आने पर विश्नोई नाराज!  

गोंडवाना व महाकौशल की संस्कृति की परवाह क्यों की जाए!

894

Political Mahabharata : ‘रामायण’ कांफ्रेंस में महाभारत, मंत्री के नहीं आने पर विश्नोई नाराज!  !

Jabalpur : यहां आज से तीन दिन की ‘वर्ल्ड रामायण कांफ्रेंस’ शुरु हुई। यह कार्यक्रम प्रदेश के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से हो रहा है और संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर को इस आयोजन के उद्घाटन में शामिल होना था, लेकिन वे नहीं पहुंची। इस पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने नाराजी व्यक्त करते हुए सवाल भी उठाए।

पूर्व मंत्री और पाटन के भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने फिर अपनी पार्टी पर उंगली उठाई है। पाटन विधायक ने ट्वीट करके संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर पर तंज कसा। उन्होंने ट्वीट किया कि ‘जबलपुर में वर्ल्ड रामायण कांफ्रेंस का आयोजन है। एमपी का संस्कृति मंत्रालय इसका सहयोगी है, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर जी को उद्घाटन में आना था। वे नहीं आईं, ठीक भी है, जब सभी संस्कृति इंदौर व मालवा में उपलब्ध है तो गोंडवाना व महाकौशल की संस्कृति की परवाह क्यों की जाये?’

‘वर्ल्ड रामायण कांफ्रेंस’ आयोजन के पहले ही दिन पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के ट्वीट से हड़कंप मच गया। उन्होंने ये ट्वीट सीएम शिवराज सिंह को भी टैग किया है। इस कांफ्रेंस में श्रीलंका, मोरिशस के संस्कृति मन्त्री, स्विट्जरलैंड के सांसद सहित भारत के कई सांसद सहित कुल 15 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

यह आयोजन 6 से 8 जनवरी तक मानस भवन में आयोजित किया गया है। इस अंतर्राष्ट्रीय रामायण कॉन्फ्रेंस में देश ही नहीं, बल्कि अमेरिका, बांग्लादेश, थाईलैंड, स्विट्जरलैंड और कनाडा के रामायण शोधकर्ता भी शामिल होंगे। जिसमें रामायण पर किए गए अपने शोध पर व्याख्यान देंगे।

पूर्व मंत्री और विधायक अजय विश्नोई इस आयोजन समिति के अध्यक्ष भी है। वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस पर विश्नोई के इस ट्वीट के बाद महाभारत छिड़ गई है। यूजर बोले कि जबलपुर के साथ सरकार का सौतेला व्यवहार किसी से छिपा नहीं हैं। एक यूजर ने लिखा कि ‘राम नाम जपना महाकौशल का माल अपना, फिर मालवा का विकास है सपना’। एक अन्य व्यक्ति ने यह लिखा ‘दर्द दर्द होता, दवाई मिल जाए तो बेहतर है।’ फिलहाल मंत्री उषा ठाकुर की तरफ से विश्नोई के ट्वीट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।