इंदौर के तुलसी नगर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त: रात 2 बजे केबल में आग, 10 घंटे ब्लैकआउट से रहवासियों में हाहाकार

71

इंदौर के तुलसी नगर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त: रात 2 बजे केबल में आग, 10 घंटे ब्लैकआउट से रहवासियों में हाहाकार

इंदौर। मई महीने की भीषण गर्मी के बीच मंगलवार तड़के तुलसी नगर कॉलोनी के एवेन्यू सेक्टर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रात लगभग 2 बजे एक बिजली के खंभे में लगी केबल में अचानक आग लगने से पूरे क्षेत्र की विद्युत सप्लाई ठप हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगभग 10 घंटे तक बिजली गुल रहने से रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, लेकिन अचानक बिजली बंद होने और गर्मी बढ़ने से लोगों की नींद टूट गई। पूरी रात लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे।

कई रहवासियों ने तत्काल विद्युत वितरण कंपनी के 1912 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि रातभर उनकी शिकायतों पर कोई त्वरित कार्रवाई नहीं हुई।

WhatsApp Image 2026 05 12 at 16.31.02 1

तुलसी नगर के एक हिस्से में जहां लोग चैन की नींद सोते रहे, वहीं तुलसी नगर एवेन्यू क्षेत्र के रहवासी रातभर गर्मी से बेहाल होकर बिजली बहाली की राह देखते रहे। मंगलवार सुबह रहवासियों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने पर पता चला कि बिजली के खंभे में लगी केबल जलने के कारण पूरे क्षेत्र की सप्लाई बंद हुई है। विभागीय टीम सुबह से मरम्मत कार्य में जुटी रही और अंततः लगभग 12 बजे दोपहर सप्लाई बहाल की जा सकी।

लगातार 10 घंटे तक बिजली बाधित रहने से रहवासियों में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रति गहरा आक्रोश दिखाई दिया। रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में तेजी से बहुमंजिला इमारतों का निर्माण हो रहा है, लेकिन विद्युत ढांचे का उन्नयन नहीं किया गया।

रहवासियों के अनुसार एक बहुमंजिला इमारत का विद्युत भार लगभग 8 से 10 सामान्य मकानों के बराबर होता है, जबकि वर्तमान ट्रांसफार्मर और केबल नेटवर्क वर्षों पुराने हैं। ऐसे में क्षमता से अधिक लोड पड़ने के कारण लो-वोल्टेज, हाई-वोल्टेज, ट्रिपिंग, फाल्ट और केबल जलने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

WhatsApp Image 2026 05 12 at 16.31.03

रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि 1500 वर्गफीट के भूखंडों पर तीन-तीन मंजिला इमारतें खड़ी हो चुकी हैं, लेकिन बिजली विभाग द्वारा लोड फैक्टर का आकलन अब भी एक सामान्य प्लॉट के आधार पर किया जा रहा है। इससे पूरी कॉलोनी की विद्युत व्यवस्था पर असंतुलित दबाव बन गया है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कॉलोनी के रहवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार के.के. झा ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर तुलसी नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के व्यापक तकनीकी सर्वे, जर्जर केबलों के प्रतिस्थापन, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापना तथा संपूर्ण नेटवर्क के आधुनिकीकरण की मांग की है।

पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

रहवासियों ने प्रशासन और विद्युत कंपनी से मांग की है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और बहुमंजिला निर्माणों को देखते हुए तुलसी नगर की विद्युत व्यवस्था को तत्काल आधुनिक और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भीषण गर्मी में नागरिकों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।