NEET- 2026 Guess Paper Scam: लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट- मेहनत, मेरिट और भविष्य के साथ क्रूर और अक्षम्य खिलवाड़

46

NEET- 2026 Guess Paper Scam: लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट- मेहनत, मेरिट और भविष्य के साथ क्रूर और अक्षम्य खिलवाड़

डॉ घनश्याम बटवाल मंदसौर की खास रिपोर्ट

ओर फिर एक बार देश की परीक्षा व्यवस्थाओं पर कलंक गहरा हो गया जब तथ्य सामने आए कि चिकित्सा शिक्षा परीक्षा नीट एग्जाम 2026 माफिया स्कैम की भेंट चढ़ गई और करोड़ों उम्मीदों के साथ लाखों युवाओं को ठग लिया गया?
बताने जताने वाली कार्यवाही शुरू हो गई है कुछ आरोपी पकड़े गए हैं कुछ चिन्हित हुए हैं सरकारी तंत्र अब छींटे डाल रहा है ओर कहना है कि फ़िर एग्जाम होंगे। यह सब यंत्रवत लगता है जब ऐसे मामलों में सरकार यही करती और कहती है?

कथित विश्वगुरु भारत में परीक्षाएं ही फुलप्रूफ सिस्टम से नहीं हो सकती?

शर्मनाक है।

नीट एग्जाम में परीक्षा कक्ष में प्रवेश के पहले इतनी कड़ी निगरानी ओर एक्स रे जैसी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा परीक्षार्थियों को पर हासिल क्या हुआ?

भारत में चिकित्सा शिक्षा केवल एक करियर नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों का सपना होती है। एक मध्यमवर्गीय परिवार का बच्चा जब NEET जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करता है, तो उसके पीछे केवल किताबें नहीं होतीं — माता-पिता के त्याग, वर्षों की मेहनत, सामाजिक उम्मीदें और भविष्य की आशाएँ जुड़ी होती हैं। ऐसे में जब “गेस पेपर” और “पेपर लीक” जैसे घोटाले सामने आते हैं, तो केवल परीक्षा प्रणाली नहीं टूटती, बल्कि लाखों विद्यार्थियों का विश्वास भी बिखर जाता है।

अभी 3 मई को ही देशभर के कोई 22 लाख से अधिक युवा उम्मीदवारों ने मनोयोग पूर्वक तैयारी कर एग्जाम दिया और एक सप्ताह में यह माफिया स्कैम सामने आ गया।

अब जांच कराई जाएगी सी बी आई तक मामला पहुंच गया पर युवा पीढ़ी का क्या उनके साथ षड्यंत्र जो हो गया?

हाल ही में सामने आए NEET “Guess Paper Scam” (गेस पेपर स्कैम)ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या भारत की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाएँ अब ईमानदार छात्रों के लिए निष्पक्ष रह गई हैं? खबरों के अनुसार, लाखों रुपये लेकर ऐसे “गेस पेपर” बेचे गए जिनमें 720 में से लगभग 600 अंकों तक के प्रश्न मिलते-जुलते पाए गए। यदि यह सत्य है, तो यह केवल एक शैक्षणिक अपराध नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य पर हमला है।

हर वर्ष यही कहानी दोहराई जाती है। कभी पेपर लीक, कभी सॉल्वर गैंग, कभी डिजिटल फ्रॉड, कभी फर्जीवाड़ा। और हर बार सबसे बड़ा नुकसान उस विद्यार्थी का होता है जिसने दिन-रात एक कर ईमानदारी से पढ़ाई की होती है। जो बच्चा सुबह जल्दी उठकर कोचिंग जाता है, सोशल मीडिया और मनोरंजन से दूरी बनाता है, परिवार की आर्थिक सीमाओं के बावजूद संघर्ष करता है — जब वह ऐसे घोटालों की खबर सुनता है, तो उसके भीतर केवल निराशा नहीं, बल्कि व्यवस्था के प्रति अविश्वास जन्म लेता है। अविश्वास आक्रामक हो सकता है कुंठित कर सकता भविष्य असुरक्षित कर सकता है यह चिंता की बात है।

यह केवल “एक परीक्षा” का मामला नहीं है। यह उस मानसिक दबाव का प्रश्न है जिसमें आज का युवा जी रहा है। NEET नीट की तैयारी करने वाले लाखों छात्र पहले ही अत्यधिक तनाव, अवसाद और प्रतिस्पर्धा के दबाव से गुजरते हैं। ऐसे में यदि उन्हें यह महसूस होने लगे कि मेहनत से अधिक “जुगाड़” और “पैसा” प्रभावी हो गया है, तो यह समाज के नैतिक ढांचे के लिए भी गंभीर खतरा है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन घटनाओं पर अक्सर कार्रवाई तो होती है, परंतु सुधार स्थायी नहीं होते। हर साल जांच समितियाँ बनती हैं, बयान दिए जाते हैं, कुछ गिरफ्तारियाँ होती हैं, और फिर अगले वर्ष कोई नया घोटाला सामने आ जाता है। यह दर्शाता है कि समस्या केवल कुछ अपराधियों की नहीं, बल्कि पूरे परीक्षा प्रबंधन तंत्र की कमजोरियों की है।

अब समय केवल खेद व्यक्त करने का नहीं, बल्कि कठोर और संरचनात्मक सुधारों का है। परीक्षा प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल ट्रैकिंग और एन्क्रिप्टेड सुरक्षा से जोड़ना होगा। पेपर सेटिंग से लेकर वितरण तक हर स्तर पर जवाबदेही तय करनी होगी। शिक्षा माफियाओं और कोचिंग-फ्रॉड नेटवर्क पर राष्ट्रीय स्तर पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

सबसे महत्वपूर्ण — विद्यार्थियों का भरोसा लौटाना होगा।

एक राष्ट्र तभी आगे बढ़ता है जब उसकी प्रतिभा को न्याय मिलता है। यदि ईमानदार छात्र स्वयं को असुरक्षित और ठगा हुआ महसूस करने लगें, तो यह केवल व्यक्तिगत असफलता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विफलता बन जाती है।
आज देश के करोड़ों विद्यार्थी केवल एक सवाल पूछ रहे हैं —क्या मेहनत अब भी मायने रखती है?

यदि इस प्रश्न का उत्तर व्यवस्था ईमानदारी से नहीं दे पाई, तो आने वाले वर्षों में केवल परीक्षाएँ ही नहीं, बल्कि युवाओं का विश्वास भी टूटता जाएगा। और किसी भी राष्ट्र के लिए अपने युवाओं का टूटा हुआ विश्वास सबसे बड़ा संकट होता है।

एक परीक्षा तक सही ढंग से सम्पादित नहीं हो पाना हमारे सिस्टम का आईना है, यह विफलता है कितने निम्न और कितने लीकेज हमारे सिस्टम में है यह दर्शाता है? बहुत पीड़ा हो रही है इस मौके पर, हमारे ही देश के लोगों द्वारा हमारे ही लोगों के साथ छल प्रपंच किया जा रहा है और सिस्टम है कि फ़िर एग्जाम होंगे यह कह रहा है।

उन युवाओं के सपनों का क्या, उनके भविष्य का क्या?