WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

President Election : नौगांव से चलेगी धार की नगर सरकार, चौथी बार नौगांव से अध्यक्ष!

प्रथम नागरिक बनी नेहा बोडाने, कहा 'धार को बनाएंगे स्वच्छता में नंबर-1'

President Election : नौगांव से चलेगी धार की नगर सरकार, चौथी बार नौगांव से अध्यक्ष!

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : भारतीय जनता पार्टी ने पांच साल के सूखे के बाद दोबारा धार नगर पालिका पर अपना कब्जा जमा लिया। पार्षदों का बहुमत पाने के बाद रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए निर्वाचन प्रक्रिया हुई। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निर्वाचन प्रक्रिया करवाई गई। भाजपा की तरफ से अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर नेहा बोडाने ने बहुमत हासिल किया। निर्वाचन के दौरान भाजपा की नेहा बोडाने को 30 में से 19 वोट मिले। जबकि, कांग्रेस की मीना शांतु डोड को 10 वोट ही आए। एक वोट रद्द हो गया। निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने परिणाम की घोषणा की।

घोषणा के बाद समर्थकों में जश्न का माहौल शुरू हो गया। नपा परिसर में ढोल ताशों पर कार्यकर्ता थिरके लगे। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता परिसर में डटे हुए थे। जबकि, अध्यक्ष की घोषणा होते ही कांग्रेसी नेताओं ने मैदान छोड़ दिया। चुनाव के दौरान चमत्कार के इंतजार में बैठे कांग्रेस नेता को अंतत: परिणाम आने के बाद निराशा ही हाथ लगी। भाजपा की कुशल रणनीति और संगठन की मजबूती के चलते भाजपा ने नगर पालिका धार पर पांच साल का सूखा खत्म करते हुए अपनी जीत दर्ज की।

टीम राजीव को मिली जीत

यह जीत भारतीय जनता पार्टी धार के खाते में गई है। भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव यादव के लिए धार नगर पालिका चुनाव वर्चस्व की तरह था, जिसमें उनकी पूरी टीम काम कर रही थी। नगर पालिका चुनाव का जिम्मा भी उनके खास समर्थक माने जाने वाले मनोज ठाकुर पर था जो चुनाव प्रभारी बनाए गए थे। इस जीत के बाद संगठन में जिला अध्यक्ष के तौर पर यादव का कद बढ़ा है। हालांकि, कुक्षी कांग्रेस से छीनकर संगठन को बोनस भी देने का काम देखने को मिला है। अब आखिरी परीक्षा पीथमपुर नगर पालिका की है, जहां पर 13 फरवरी को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए मतदान होना है। पीथमपुर में चुनाव को लेकर काफी टक्कर देखने को मिल रही है।

धार को बनाएंगे नंबर 1

नवनिर्वाचित अध्यक्ष नेहा बोडाने ने जीत के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर धार के विकास के लिए काम करेंगे। यह जीत सभी मतदाताओं और पार्षदों की जीत है। हम मिलकर धार को नंबर 1 बनाने के लिए प्रयास करेंगे। नेहा बोडाने पहली बार पार्षद चुनकर आई है। वार्ड 2 से चुनी गई नेहा के सामने नपा में काम करने का कोई खास अनुभव नहीं है, लेकिन उन्होंने इस काम में अपने पति की मदद से विकास करने की बात कही है।

मयंक महाले उपाध्यक्ष बने 

भाजपा ने इस बार युवा चेहरों को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इसलिए धार नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर भी युवा चेहरा ही देखने को मिलेगा। उपाध्यक्ष के लिए मयंक महाले को भाजपा की तरफ से अधिकृत किया गया है। उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मयंक वार्ड 25 से जीतकर आए है और जिला अध्यक्ष यादव के करीबी माने जाते है।