
Principal Arrested: छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में सरकारी स्कूल का प्राचार्य गिरफ्तार
खरगोन: आधार कार्ड बनवाने के बहाने प्राचार्य ने छात्रा की अस्मत पर ही हाथ डालने की कोशिश की। जबरदस्त विरोध के बाद पुलिस ने सरकारी स्कूल के प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया।
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक शासकीय हाई स्कूल की छात्रा से कथित रूप से छेड़छाड़ के मामले में प्राचार्य को गिरफ्तार किया गया है।
भगवानपुरा के थाना प्रभारी आई एस मुजाल्दे ने बताया कि प्राचार्य हजारीलाल बघेल को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में आधार कार्ड स्कूलों में ही अपडेट हो रहे हैं । इसलिए आधार कार्ड में सरनेम सही करने को लेकर छात्राएं स्कूल में प्राचार्य कक्ष के बाहर बैठी थी। वे अपने साथ आवश्यक दस्तावेज भी लाई थी।
इसी बीच एक 16 वर्षीय छात्रा को प्राचार्य ने अंदर बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। छात्रा छटपटाई और उसने शोर मचा दिया।
उसने अपने परिजनों को बताया जिन्होंने आदिवासी संगठनों को मामले से अवगत करा दिया।
पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर प्राचार्य के खिलाफ पोक्सो और मॉलेस्टेशन की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया।
आदिवासी संगठनों ने इस मामले में जमकर हंगामा किया। इसके बाद प्राचार्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया।





