Pune Porsche Accident: शराब के नशे में पोर्श कार से 2 को मारने वाले नाबालिग की 15 घंटे में जमानत, CM ने संज्ञान लिया!

मरने वालों में युवती जबलपुर की और युवक उमरिया का, आरोपी का शराब पीते वीडियो भी वायरल!

651

Pune Porsche Accident: शराब के नशे में पोर्श कार से 2 को मारने वाले नाबालिग की 15 घंटे में जमानत, CM ने संज्ञान लिया!

Pune : पोर्श कार की टक्कर से बाइक पर सवार दो लोगों की मौत होने के बाद नाबालिग आरोपी वेदांत अग्रवाल का शराब पीते वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। आरोपी को 15 घंटे में जमानत भी दे दी गई थी। यह घटना 19 मई की बताई जा रही है।

पुणे में हुए पोर्श कार एक्सीडेंट केस में आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो हादसे के पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में वह शराब पीते नजर आ रहा है। इस पूरे मामले पर अब महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई। शिंदे ने इस केस में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।

कार हादसे के आरोपी वेदांत अग्रवाल को 15 घंटे बाद जमानत दे दी गई। जिसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई थी। आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल पुणे की ब्रम्हा रियल्टी के जाने-माने बिल्डर हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे कमिश्नर से इस केस को लेकर बातचीत की। इस मामले में मुख्यमंत्री ने कार एक्सीडेंट में दोषी पर सख्त से सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

एक्सीडेंट के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने नाबालिग और उसके दोस्त को पकड़ लिया था और पिटाई की थी। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल को छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा जिस पब में नाबालिग ने शराब पी थी, उसके मालिक और मैनेजर को भी अरेस्ट कर लिया। विशाल अग्रवाल शहर के नामी बिल्डर हैं।

यह हुई थी घटना

पुणे में 19 मई को एक नाबालिग ने अपनी 2 करोड़ से ज्यादा की पोर्श कार से बाइक सवार दो आईटी इंजीनियर्स युवक-युवती को टक्कर मारी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी नाबालिग 12वीं की परीक्षा पास करने पर अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके लौट रहा था। वह शराब के नशे में करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चला रहा था।

IMG 20240521 WA0062

एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले युवक अनीश अवधिया मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर और युवती अश्विनी कोष्टा जबलपुर की रहने वाली थी। एक का शव कल (20 मई) और दूसरे की आज (21 मई) उनके घर पहुंचा। अनीश के चाचा अखिलेश अवधिया ने कहा कि ये हादसा नहीं हत्या है। आरोपी को जमानत नहीं दी जानी चाहिए थी।

अश्विनी कोष्टा के पिता सुरेश कोष्टा ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोगों को इससे सबक मिले। मेरी बेटी ने अपनी पढ़ाई पुणे में पूरी की और उसे वहीं नौकरी मिल गई थी। भाई समरप्रीत ने बताया कि अश्विनी पुणे में 6 साल से थी, जनवरी में ही उसने 24वां जन्मदिन मनाया था।

हादसे की एफआईआर में 5 आरोपी

पुणे कार एक्सीडेंट मामले पर पुणे सीपी अमितेश कुमार ने कहा कि एफआईआर में 5 आरोपी थे, जिनमें से हमने देर रात 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हम उन्हें कोर्ट में पेश करेंगे। आरोपी के पिता फरार थे और उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। ये सड़क हादसा पुणे के कल्याणी नगर इलाके में हुआ। इससे पहले पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा था कि उनके पास दो रेस्तरां के सीसीटीवी फुटेज भी हैं, जिससे पता चलता है कि लड़का शनिवार देर रात दोस्तों के साथ शराब पी रहा था।