
रिटायर्ड DSP के बेटे ने किया था हर्ष फायर, रायफल जब्त, FSL रिपोर्ट का इंतजार
भोपाल: कोलार इलाके में शशि हाइटेक सिटी, राजहर्ष कॉलोनी में 10 साल की मासूम रिया रजक को गोली रिटायर्ड डीएसपी की लायसेंसी रायफल से चली थी। उनके बेटे ने अपने पिता की रायफल से दशहरा के मौके पर हर्ष फायर किया था। पुलिस ने रिटायर्ड डीएसपी की रायफल को जब्त कर लिया है। साथ ही उन्हें नोटिस भी जारी किया है। अब पुलिस एफएसएल रिपोर्ट का इंजार है, जिसके आधार पर रिटायर्ड डीएसपी के साथ उनके बेटे को भी आरोपी बनाया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के शस्त्र लायसेंस धारियों के रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने एक रिटायर्ड डीएसपी का घर भी मृतक के घर के पास मिला। जहां से पुलिस को सुराग मिल गया और पुलिस ने उनकी रायफल जब्त कर ली। सूत्रों की माने मो तो रिटायर्ड डीएसपी के बेटे ने दशहरा के मौके पर अपने पिता की लायसेंसी बंदूक से हर्ष फायर किया था। चूंकि पिता की रायफल का बेटे ने उपयोग किया है, इसलिए पुलिस अब रिटायर्ड डीएसपी को भी मामले में आरोपी बनाएगी।
*ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा*
पुलिस की चार टीमें इस मामले में जांच कर रही हैं। पहले ही दिन पुलिस ने क्राइम सीन का रिक्रीएशन किया था। जिसमें स्पॉट से गोली के एंगल और ऊंचाई का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना गुरुवार 12 बजे के करीब हुई थी। उसी समय के हिसाब से गोली को दोबारा चलाकर देखा था। पीएम के दौरान बच्ची के शव से 315 बोर का कारतूस भी मिल गया था।
*क्या है पूरा मामला*
2 अक्टूबर को दशहरे के दिन रिया घर के पास दुर्गा पंडाल के पास खेल रही थी। थककर वह वहीं कुर्सी पर बैठ गई। अचानक वो गश खाकर गिर पड़ी। लोगों ने उसे उठाया तो देखा कि उसके गले और कंधे के बीच गहरा घाव है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रिया की मौत हो गई थी।





