Revenue Friends To Be Appointed In MP: मध्य प्रदेश की सभी 23 हजार पंचायतों में राजस्व मित्र होंगे नियुक्त

784

Revenue Friends To Be Appointed In MP: मध्य प्रदेश की सभी 23 हजार पंचायतों में राजस्व मित्र होंगे नियुक्त

भोपाल: मध्यप्रदेश में राजस्व विभाग राज्य की सभी 23 हजार पंचायतों में राजस्व मित्र की नियुक्ति करेगा। यह राजस्व मित्र सरकार की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ तकनीकी सेवाओं के इस्तेमाल की जानकारी देंगे ताकि ग्रामीण राजस्व विभाग द्वारा किसानों के हित में किए जाने वाले निर्णयों से अवगत हों और उसका लाभ ले सकें।
पंचायतों में इसके पहले किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग द्वारा कृषि मित्र बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। अब राजस्व विभाग भी इसके लिए काम करने जा रहा है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान राजस्व विभाग में राजस्व मित्र की नियुक्ति को लेकर होने वाली समीक्षा बैठकों में अपडेट भी लेते रहे हैं। इसके बाद विभाग ने इसको लेकर दिसम्बर 2022 तक राजस्व मित्र नियुक्त करने की समय सीमा तय कर रखी है। बताया गया कि राजस्व मित्र पंचायत में नियुक्त होने के बाद लोक सेवा गारंटी के दायरे में आने वाले किसानों से संबंधित मामलों की जानकारी देने के साथ राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाओं के मामले में ग्रामीणों को अवगत कराने का काम करेंगे। इसके लिए यह भी तय किया गया है कि इन्हें नियुक्ति देने के साथ योजनाओं के बारे में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा शुरू की गई योजनाओं की सही जानकारी नहीं मिलने की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग के बाद राजस्व विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर यह नियुक्तियां की जा रही हैं ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक दिलाने में मदद मिल सके।