Robber Bride : लुटेरी दुल्हन ने सालभर में 3 शादियां की, 30 लाख ठगे, एक को घर जंवाई बनाया!

पुलिस को पूछताछ में और भी राज खुलने की उम्मीद!

250

Robber Bride : लुटेरी दुल्हन ने सालभर में 3 शादियां की, 30 लाख ठगे, एक को घर जंवाई बनाया!

 

Indore : यहां की लुटेरी दुल्हनों की गैंग ने मुंबई और राजस्थान सहित कई राज्यों में अपनी हरकतें की। इस गैंग की एक लुटेरी दुल्हन ने 13 महीने में 3 जगह 3 शादियां कर दूल्हों को लाखों की चपत लगाई। पहले पति को इंदौर में घर जवांई बनाकर रखा, दूसरे और तीसरे पति के घर सिर्फ तीन दिन रही। एक से शादी का रिश्ता कराने पर दलालों के जरिए रुपए ठगे तो दूसरे से शॉपिंग और तीसरे पति से इलाज के नाम पर लाखों रुपए ले लिए। फिर कभी उनके पास नहीं लौटी। पुलिस ने तीन महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा है। बताया गया कि इनमें एक दुल्हन, दूसरी नकली मां और तीसरी दलाल है। जिस पुरूष को पकड़ा वो भी इस गैंग में शामिल है।

तीन पतियों के अलावा लुटेरी दुल्हन का एक बॉयफ्रेंड भी है। दूसरे पति को फोन पर लंबी-लंबी बातें करने पर शक हुआ। उसने छानबीन की तो पता चला कि पत्नी अपने बॉयफ्रेंड से बातचीत करती है। वह किसी तरह बॉयफ्रेंड तक पहुंचा। बॉयफ्रेंड ने जो बताया, वह सुनकर पति दंग रह गया। बॉयफ्रेंड ने बताया कि उसने शादी करके तुम्हें ठगा है, तुमसे रुपए लेने के बाद तो उसने मुंबई में दूसरी शादी कर ली।

दस्तावेज, फोटो जुटाकर पुलिस से शिकायत
आखिरकार उसने कुछ दस्तावेज और फोटोग्राफ जुटाए और पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की। उसने पुलिस से कहा कि पत्नी ने शादी के नाम पर 10 लाख रुपए ठगे, उसके बाद भी दांपत्य सुख नहीं मिला। उलटे दो और शादियां कर ली।

पूरा मामला इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच के पास पहुंचा है। जहां फरियादी के बयान लेकर लुटेरी दुल्हन और उसकी दो महिला साथियों और पुरुष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया। लुटेरी दुल्हन से और भी कई फर्जी शादी कर लूट का खुलासा होने की उम्मीद क्राइम ब्रांच ने की है।