Role of Police in Property Dispute : प्रॉपर्टी विवाद में महिला को पुलिस घसीटकर ले गई!

तबियत बिगड़ी तो MY लेकर गई, परिजनों ने पुलिस कमिश्नर को जानकारी दी!

640

Role of Police in Property Dispute : प्रॉपर्टी विवाद में महिला को पुलिस घसीटकर ले गई!

Indore : एमवाय अस्पताल में सोमवार की रात पुलिस और एक महिला मरीज के परिजनों के बीच जमकर विवाद हुआ। इसके बाद बात झूमा झटकी तक पहुंच गई। एमवाय चौकी के पुलिसकर्मी ने मरीज के परिजनों पर डंडे बरसा दिए। मरीज के परिवार वालों से मोबाइल छीनने की भी कोशिश की गई।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस प्रॉपर्टी विवाद में एक महिला को उसके घर से घसीटकर ले गई थी। लेकिन, इस सबसे महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे ताबड़तोड़ पुलिस वालों ने एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं महिला के परिवार वाले भी आ गए और उनका पुलिस से विवाद हो गया।

यह घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के महावर नगर की है। लक्ष्मी पति तोताराम को सोमवार रात अन्नपूर्णा थाने की महिला पुलिस एमवाय अस्पताल लेकर पहुंची। उन्हें मेडिकल के लिए लाया गया था। महिला ने डॉक्टरों को बताया कि उसे घबराहट और बेचैनी हो रही है। उपचार के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई। बाद में पुलिस ने भी महिला को छोड़ दिया।

इस मामले में महिला के परिजनों ने रात को पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर को जानकारी दी। उन्होंने मौके से पूरे मामले के वीडियो और फोटो बुलवाए। वही प्रॉपर्टी विवाद में पुलिस हस्तक्षेप होने को लेकर मौके पर गए पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की बात करते हुए डीसीपी से जांच कराने की बात कही है।

महिला को पुलिस लाई
महिला लक्ष्मी के बेटे ने बताया कि वह करीब 80 साल से अधिक समय से महावर नगर के मकान में रह रहे हैं। उनकी चार पीढ़ियां यहीं पैदा हुई। इसके बाद उन्होंने यह मकान खरीद भी लिया था। जबकि, दूसरे पक्ष अजय जैन ने भी इस मकान को खरीदा। इस मसले पर उनका कोर्ट में केस चल रहा है। इसे लेकर सोमवार को हुए विवाद के बाद पुलिस उनके घर पहुंची थी और मां को थाने ले जाने की बात कही। उन्हें घसीटकर ले जाया गया, इसके बाद एमवाय लाया गया और बताया कि तबीयत बिगड़ गई है।

पुलिसकर्मियों से विवाद
इसके बाद एमवाय अस्पताल में लक्ष्मी के परिवार के लोगो से महिला पुलिसकर्मी की जमकर हुज्जत हुई। यहां एमवाय चौकी के पुलिसकर्मी ने आकर वहां खड़े परिजनों और अस्पताल आए अन्य लोगों पर डंडे बरसा दिए। परिजनों का आरोप था कि लक्ष्मी को पुलिस जबरन घर से उठाकर ले गई और थाने ले जाने की जगह इधर-उधर घुमाती रही। इससे तबीयत बिगड़ गई। बाद में पुलिस उन्हें अस्पताल में छोड़कर भाग गई।