Russia Ukraine War : रूस के यूक्रेन पर न्यूक्लियर अटैक की आशंका!

रूस ने परमाणु बल का अभ्यास किया, पुतिन के इस कदम से हड़कंप!

473

Russia Ukraine War : रूस के यूक्रेन पर न्यूक्लियर अटैक की आशंका!

Mosco : रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को 8 महीने बीत गए! फिर भी कोई नतीजा नहीं निकला। भारत सहित दुनिया के कई देशों ने युद्ध के बजाए बातचीत से समाधान निकालने की बात कही है। इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक कदम से दुनिया में हड़कंप मचा दिया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को ‘सामरिक परमाणु बल’ का अभ्यास देखा। इसमें बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के लॉन्च आदि भी शामिल थे।

क्रेमलिन ने बताया कि जो अभ्यास किया गया है, वो परमाणु युद्ध के खतरों का जवाब देने के लिए हर वक्त तैनात रहता है। परमाणु हमलों की चेतावनी के बीच पुतिन के इस कदम से दुनिया सकते में हैं। किसी गंभीर खतरे की आहट देखते हुए अमेरिका ने एक बार फिर रूस को परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर चेताया और कहा है कि यह एक गंभीर गलती होगी।

रूस हमेशा कुछ अप्रत्याशित ही करता है। आठ महीने पहले जब रूस यह चेतावनी दे रहा था कि वह यूक्रेन पर हमला कर देगा, तब दुनिया यही कह रही थी कि यह दौर जंग का नहीं है। ऐसे में रूस केवल धमकी दे रहा है। उस समय रूस ने बेलारूस के साथ मिलकर फाइटर जेट उड़ाकर भी शक्ति प्रदर्शन किया था। तब भी यही माना जा रहा था कि जंग के हालात तो नहीं बनेंगे।

लेकिन 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिए और अब 8 महीने गुजर गए। पूरी दुनिया को जिस हमले की इतनी उम्मीद नहीं थी, वो रूस ने किया। ऐसे में रूस द्वारा परमाणु हमले की चेतावनी देना, परमाणु बल का अभ्यास पुतिन द्वारा देखना, इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यही कारण है कि पुतिन के इस कदम से दुनिया में हड़कंप है।

 

यूक्रेन का दावा, कुछ गुप्त काम चल रहा

रूस यूक्रेन पर परमाणु हमला कर सकता है या नहीं, इस पर बाइडेन प्रशासन ने पहले कहा था कि रूस ने नोटिस दिया है कि वह अपनी परमाणु क्षमताओं का नियमित अभ्यास करना चाहता हैं। वहीं यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा ऑपरेटर ने दावा किया कि उसका पड़ोसी यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कुछ गुप्त काम कर रहा है।

बाइडेन ने व्हाइट हाउस में मीडिया से कहा कि मैं बस इतना ही कहना चाहता हूं कि अगर रूस सामरिक परमाणु हथियार का इस्तेमाल करता है तो वह अविश्वसनीय रूप से गंभीर गलती करेगा। यहां बाइडेन इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या रूस ‘डर्टी बम’ या परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी कर रहा है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने रूस पर युद्ध में ईरानी ड्रोन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस ने लगभग 400 ड्रोन का उपयोग किया।