

Selection in MPPSC : रीवा के ऑटो चालक की बेटी आयशा अंसारी MPPSC क्रेक करके डिप्टी कलेक्टर बनी!
Reva : यहां के एक ऑटो चालक की बेटी आयशा अंसारी डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित हुई। आयशा ने प्रदेश में 12वीं रैंक हासिल की। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। उन्होंने सेल्फ स्टडी से यह सफलता तीसरे प्रयास में हासिल की।
डिप्टी कलेक्टर के पद पर सिलेक्ट हुई आयशा ने प्रारंभिक शिक्षा रीवा के एक निजी स्कूल से की। इसके बाद 12वीं तक की शिक्षा शासकीय प्रवीण कन्या स्कूल से की और कॉलेज की पढ़ाई शासकीय आदर्श महाविद्यालय में हुई। आयशा के पिता पेशे से एक ऑटो ड्राइवर हैं. वो पिछले कुछ समय से अस्वस्थ होने के कारण घर पर ही रहते हैं।
आयशा ने इस सफलता का श्रेय अपने माता, पिता और दोस्तों को दिया। पिता की इच्छा पूरी करने वह डिप्टी कलेक्टर बनी। परीक्षा परिणाम आने के बाद आयशा की इस सफलता पर उन्हें बधाई देने के लिए उनके घर पर उनके रिश्तेदारों और दोस्तों की भीड़ लग गई। आयशा एक मध्यम वर्ग के परिवार से ताल्लुक रखती है। खास बात यह है कि उन्होंने सेल्फ स्टडी की और ये सफलता हासिल की है।
बताते हैं कि आयशा के पिता सुबह टहलने के लिए पुलिस लाइन कॉलोनी होकर जाते थे। उस एरिया में सभी अधिकारियों के बंगले हैं। उनकी नेम प्लेट पर कलेक्टर डिप्टी कलेक्टर और उनके पद लिखे रहते हैं। पिता जब घर लौटकर आते तो अकसर कहते कि काश हमारे घर में भी कोई ऐसा हो। उसी वक्त आयशा ने अपने पिता के सपने को पूरा करने का संकल्प लिया और उसे पूरा किया।
जिले की दो और लड़कियां चयनित
इसके साथ ही रीवा के त्योंथर जनपद पंचायत इलाके के रक्सहा कला गांव की 2 सगी बहनों ने एमपीपीएससी 2022 परीक्षा में परचम लहराया। दोनों बहनों आरती सिंह परिहार का सहायक संचालक स्कूल शिक्षा विभाग और पूजा सिंह परिहार का वाणिज्य कर निरीक्षक के पद पर चयन हुआ है।